
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए बड़ा बयान दिया है। सीएम योगी ने कहा कि जो व्यक्ति दोपहर 12 बजे तक सोकर उठता है, वह आखिर काम क्या करेगा। उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन बेहद जरूरी है और कुछ लोग लंबे समय तक बचपना नहीं छोड़ पाते।
सीएम योगी ने कहा, “कुछ लोग जीवन भर बच्चे बने रहते हैं।” उन्होंने पूर्व की सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि “बबुआ भी यही करते थे, 12 बजे उठते थे।”मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि पहले 2 बजे तैयार होने का समय होता था और शाम 5 बजे जिम जाने का समय तय रहता था। इसके बाद शाम 7 बजे महफिल सज जाती थी।
उन्होंने कहा कि इस तरह की दिनचर्या से देश और दुनिया से संपर्क खत्म हो जाता था। सीएम योगी ने आगे कहा कि इसी वजह से प्रदेश में पहले दंगे होते थे और कई-कई महीनों तक कर्फ्यू लगा रहता था। उन्होंने कहा कि शासन चलाने के लिए मेहनत, अनुशासन और जनता के प्रति जिम्मेदारी की भावना जरूरी होती है।
मुख्यमंत्री ने अपने बयान के जरिए पिछली सरकारों की कार्यशैली पर सवाल उठाए और कहा कि प्रदेश में अब कानून व्यवस्था और विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।









