
डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली को धमकी भरे पत्र मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सौरव के साथ उनकी पत्नी डोना गांगुली को भी धमकी दी गई है।
बता दे कि पूरे मामले को लेकर सौरव गांगुली के सचिव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलने के बाद दक्षिण कोलकाता के ठाकुरपुकुर थाने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
छह महीने से मिल रहे थे धमकी भरे पत्र
वही पुलिस के मुताबिक, सौरव गांगुली को पिछले करीब छह महीने से उनके घर के पते पर धमकी भरे पत्र भेजे जा रहे थे। इन पत्रों में आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था।
शुरुआत में सौरव गांगुली ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। वही परिवार को लगा कि शायद कोई व्यक्ति निजी नाराजगी के चलते ऐसा कर रहा है। हालांकि, लगातार धमकी भरे पत्र मिलने और पत्नी डोना गांगुली का नाम सामने आने के बाद पुलिस से शिकायत करने का फैसला लिया गया।
पत्र में मिला मोबाइल नंबर और पता
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पत्रों से एक मोबाइल नंबर और पता भी मिला है। पुलिस अब इस नंबर और उससे जुड़ी जानकारी की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नंबर की जांच ट्रूकॉलर समेत अन्य माध्यमों से की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी भरे पत्र भेजने वाला व्यक्ति कौन है।
कोरियर एजेंसी से भी जानकारी जुटा रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि जिस कोरियर एजेंसी के माध्यम से ये पत्र भेजे गए हैं, उससे भी संपर्क किया गया है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि सभी पत्र एक ही व्यक्ति ने भेजे हैं या इसके पीछे कोई और साजिश है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।









