
मुंबई (महाराष्ट्र): मुंबई के चर्च रोड इलाके में मंगलवार रात एक ग्राउंड प्लस 12 मंजिला इमारत की 11वीं मंजिल पर आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, आग रात करीब 10:02 बजे पाली हिल इलाके के चर्च रोड स्थित शांता भवन इमारत में लगी। यह इमारत सेंट जेवियर्स स्कूल के पास स्थित है। आग ने इमारत में रखे बिजली के तार, इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन, एसी यूनिट, घरेलू सामान, सोफा, लकड़ी के फर्नीचर, फॉल्स सीलिंग और रसोई के सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
फायर ऑफिसर वी. भोसले के अनुसार, मौके पर आठ फायर टेंडर भेजे गए और इमारत के टेरेस पर फंसे 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में एक महिला और एक बच्चे की मौत हुई है, जबकि दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फायर विभाग ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और फिलहाल कूलिंग ऑपरेशन जारी है। आग लगने के सही कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
बीएमसी पीआरओ कार्यालय के अनुसार, मृतकों की पहचान आबिर (2.5 वर्ष) और अंकिता (23) के रूप में हुई है। वहीं घायल लोगों में पार्थ, हिरण, यशस्वी और अभिषेक शामिल हैं, जिनकी हालत स्थिर बताई गई है।
इससे पहले मुंबई के बायकुला पुलिस स्टेशन की पहली मंजिल पर भी आग लगने की घटना सामने आई थी। पुलिस के मुताबिक, आग एक कमरे से शुरू हुई और आसपास के कमरों तक फैल गई थी। इस घटना को लेवल-1 फायर की श्रेणी में रखा गया था।









