
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से खाद्य सुरक्षा और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। त्योहारों के मौसम को देखते हुए प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम लगातार मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी कड़ी में जब एसडीएम करनवीर सिंह की अगुवाई में टीम मौदहा कस्बे की ‘मां वैष्णो जय भवानी स्वीट हाउस’ पर छापेमारी करने पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए।
जांच के दौरान अधिकारियों को दुकान में रखी सिल्वर वर्क (चांदी का वर्क) लगी मिठाइयों पर संदेह हुआ। एसडीएम ने शक दूर करने के लिए दुकान के संचालक अन्नी बाबा को वही मिठाई खाने को कहा। अधिकारियों के बार-बार कहने के बावजूद दुकानदार ने अपनी ही दुकान की मिठाई चखने से साफ इंकार कर दिया। उसने बेझिझक कहा कि यह मिठाई स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है, इसलिए वह इसे नहीं खा सकता।
दुकानदार के इस बयान ने यह साफ कर दिया कि जनता की सेहत के साथ किस कदर खिलवाड़ किया जा रहा था। जब खुद हलवाई को ही अपनी बनाई मिठाई जहरीली लग रही थी, तो वह आम जनता को इसे धड़ल्ले से बेच रहा था। घटना के बाद एसडीएम के निर्देश पर तुरंत मिठाइयों के सैंपल सील किए गए और बाकी बची संदिग्ध मिठाइयों को फिकवा दिया गया। जिलाधिकारी के आदेश पर हुई इस सख्त कार्रवाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।









