जम्मू-कश्मीर में NIA की बड़ी कार्रवाई, 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी, आतंकी नेटवर्क की जांच तेज

जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। NIA ने शनिवार को प्रदेश के 10 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई श्रीनगर, कुपवाड़ा, अनंतनाग और पुलवामा समेत कई जिलों में की गई।

जानकारी के मुताबिक, NIA की यह छापेमारी पाकिस्तान स्थित आतंकी हैंडलर्स के नेटवर्क की जांच के सिलसिले में की गई है। जांच एजेंसी को शक है कि कुछ लोग सीमा पार बैठे आतंकी संगठनों के संपर्क में रहकर उनकी मदद कर रहे हैं।

एजेंसी ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और संदिग्ध दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी

छापेमारी के दौरान NIA की टीमों ने कई डिजिटल उपकरणों, दस्तावेजों और अन्य अहम सबूतों को खंगाला। एजेंसी ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और संदिग्ध दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।यह कार्रवाई आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से कथित कनेक्शन वाले मामले में की गई है। जांच एजेंसी आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने, आतंकियों को पनाह देने और उनके नेटवर्क को मदद पहुंचाने से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।

NIA की टीमों ने स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बलों के सहयोग से इन ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। एजेंसी अब बरामद सामग्री के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

सुरक्षा एजेंसियां जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी नेटवर्क और उनके मददगारों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही हैं। इस कार्रवाई को भी आतंकी साजिशों पर शिकंजा कसने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button