
महाराष्ट्र के अमरावती जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ। जिला महिला अस्पताल के नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) में आग लगने से तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह NICU में लगे वेंटिलेटर में हुआ विस्फोट बताया जा रहा है।
सुबह 3:30 बजे तीसरी मंजिल पर लगी आग
जानकारी के अनुसार, अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित नवजात यूनिट में सुबह करीब 3:30 बजे अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कई नवजात बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
39 नवजात थे भर्ती, 6 बच्चों को दूसरे अस्पताल भेजा गया
घटना के समय NICU में करीब 39 नवजात भर्ती थे। आग की चपेट में आने से तीन बच्चों की झुलसने से मौत हो गई, जबकि छह नवजातों को बेहतर इलाज के लिए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल स्टाफ की तत्परता के कारण कई अन्य बच्चों की जान बचाई जा सकी। फिलहाल आग लगने के कारणों और बचाए गए बच्चों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में भी NICU में लगी थी आग
इससे पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार तड़के करीब 1:50 बजे NICU में इस्तेमाल होने वाले वार्मर के फिलामेंट में स्पार्क होने से आग लगी थी।
छिंदवाड़ा जिला अस्पताल की सिविल सर्जन कंचन दुबे ने बताया था कि घटना के समय NICU में 33 बच्चे मौजूद थे। इनमें से तीन नवजात आग की चपेट में आकर घायल हुए, जबकि बाकी 30 बच्चों को नर्सों और गार्ड की मदद से तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।









