इमार गोमती ग्रीन में श्रावण भजन संध्या, भारी बारिश के बीच भी शिव भक्ति में डूबे श्रद्धालु

लखनऊ। इमार गोमती ग्रीन में आयोजित श्रावण भजन संध्या श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति के भाव से सराबोर रही। भारी बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और दो घंटे से अधिक समय तक माताओं, बहनों, बच्चों और निवासियों ने भगवान शिव की आराधना, भजन और धार्मिक प्रस्तुतियों में पूरे भाव के साथ सहभागिता की।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कार्तिक राय द्वारा प्रस्तुत शिव तांडव स्तोत्र रहा। उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भगवान शिव के भजनों और धार्मिक प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम में वी.एस. शुक्ला, राज किशोर, राकेश राय और रवींद्र राय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर सुनील पांडेय ने विधिवत पूजन-अर्चन कराया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद भगवान शिव की आराधना और भजनों ने आध्यात्मिक माहौल को और गहरा कर दिया।

कार्यक्रम में बच्चों की सहभागिता भी खास रही। भाविनी राय और अभ्युदय प्रताप सिंह ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। वहीं सुबीना सिंह, रेणु पांडेय और अरविंद तिवारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर सुष्मिता राय ने भगवान शिव की महिमा और धर्म-संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सनातन परंपराओं, संस्कारों और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

श्रावण मास के पावन अवसर पर आयोजित इस भजन संध्या ने इमार गोमती ग्रीन में भक्ति, संस्कार, संस्कृति और सामाजिक सहभागिता का सुंदर संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

Related Articles

Back to top button