
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और आजीविका को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। केंद्र सरकार द्वारा देश भर की सर्वश्रेष्ठ 27 प्रशासनिक पहलों में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की 3 प्रमुख पहलों को शामिल किया गया है। केंद्र सरकार के सचिव और उच्चस्तरीय टीम ने खुद मौके पर जाकर इन सफल मॉडलों का भौतिक सत्यापन किया और इनकी सराहना की।
बता दें, राष्ट्रीय पहचान पाने वाले इन तीन मॉडलों में बहराइच का सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई मॉडल, मिर्जापुर में महिलाओं द्वारा संचालित किसान उत्पादक संगठन (FPO) और गोरखपुर का बायोफ्लॉक मत्स्य पालन मॉडल शामिल हैं। बहराइच में सौर ऊर्जा से संचालित सिंचाई मॉडल से जहां किसानों की लागत कम हुई है और पर्यावरण अनुकूल खेती को बढ़ावा मिला है, वहीं मिर्जापुर में महिलाओं के एफपीओ ने ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाया है। गोरखपुर के बायोफ्लॉक तकनीक से कम लागत में बेहतर मत्स्य पालन का मॉडल भी बेहद सफल साबित हुआ है।
केंद्र सरकार ने यूपी के इन तीनों मॉडलों को अन्य राज्यों के लिए अनुकरणीय और प्रेरणास्रोत बताया है। योगी सरकार की नीतियों के तहत सौर ऊर्जा और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को जिस तरह मजबूती दी गई है, उसकी राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की जा रही है। इन पहलों के सफल क्रियान्वयन से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं, बल्कि यूपी देश के लिए एक रोल मॉडल बनकर उभरा है।









