यूट्यूब का खतरनाक चैलेंज, 24 घंटे छिपने निकले मेरठ के दो बच्चे, पुलिस ने किया बरामद

मेरठ: यूट्यूब देखकर 24 घंटे छिपने का चैलेंज लेने वाले दो बच्चे पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिए हैं। हस्तिनापुर क्षेत्र में सामने आए इस मामले ने बच्चों पर मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चे यूट्यूब पर देखे गए एक ‘सीक्रेट हाउस’ चैलेंज से प्रभावित हो गए थे। इसके बाद उन्होंने घर से निकलकर ईंट भट्ठे के पास एक गुप्त ठिकाना बना लिया और वहां 24 घंटे तक छिपे रहने की योजना बनाई।जब बच्चे काफी समय तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और मामले की जानकारी पुलिस को दी। बच्चों के लापता होने की सूचना मिलते ही हस्तिनापुर पुलिस और मिशन शक्ति की टीम सक्रिय हो गई।

पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाश अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को ईंट भट्ठे के पास बनाए गए ‘सीक्रेट हाउस’ से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इसके बाद बच्चों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस ने बच्चों और उनके माता-पिता से बातचीत की और अभिभावकों को सलाह दी कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें। पुलिस ने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय बच्चों को सही जानकारी देना बेहद जरूरी है।यह मामला जेन अल्फा जनरेशन पर डिजिटल कंटेंट के प्रभाव को उजागर करता है और अभिभावकों के लिए सतर्क रहने का संदेश देता है।

Related Articles

Back to top button