
खेल डेस्क : यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के 28वें मुकाबले में लखनऊ फाल्कन्स ने रोमांचक प्रदर्शन करते हुए कानपुर सुपरस्टार्स को डकवर्थ-लुइस-स्टर्न (DLS) पद्धति से 13 रन से हरा दिया। कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए इस मैच में बारिश ने कई बार खलल डाला, जिसके चलते अंततः DLS नियम का सहारा लेना पड़ा और लखनऊ को विजेता घोषित किया गया।



मैच में कानपुर सुपरस्टार्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ फाल्कन्स ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 160 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। लखनऊ की ओर से हिमांशु सिंह ने 33 गेंदों पर 43 रन और यशु प्रधान ने 27 गेंदों पर 40 रनों की शानदार पारी खेली। इसके अलावा प्रियम गर्ग ने नाबाद 32 और कप्तान विप्रज निगम ने नाबाद 18 रनों की तेजतर्रार पारियां खेलकर टीम के स्कोर को मजबूत बनाया। कानपुर की तरफ से गेंदबाजी में नवनीत कुमार ने दो विकेट चटकाए।



लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर सुपरस्टार्स की शुरुआत बेहद खराब रही और मात्र 20 रन के स्कोर पर उसके शुरुआती दो विकेट गिर गए। समीर रिजवी ने संघर्ष करते हुए 17 रन बनाए, लेकिन जब टीम ने 10 ओवर में चार विकेट पर 68 रन बना लिए थे, तभी तेज बारिश के कारण खेल को दोबारा रोकना पड़ा। उस समय DLS पार स्कोर 81 रन था, जिसके अनुसार कानपुर की टीम 13 रन पीछे चल रही थी। बारिश न रुकने के कारण अंपायरों ने खेल समाप्त घोषित किया और लखनऊ फाल्कन्स को विजेता करार दिया गया।









