Unacademy की बड़ी डील, करीब 1,900 करोड़ रुपये में बिक गई एडटेक कंपनी, upGrad ने खरीदा

एडटेक सेक्टर की बड़ी कंपनियों में शामिल Unacademy अब upGrad का हिस्सा बन गई है। India Today की रिपोर्ट के मुताबिक, यह सौदा करीब 1,900 करोड़ ....

एडटेक सेक्टर की बड़ी कंपनियों में शामिल Unacademy अब upGrad का हिस्सा बन गई है। India Today की रिपोर्ट के मुताबिक, यह सौदा करीब 1,900 करोड़ रुपये में हुआ है। Unacademy के को-फाउंडर और CEO गौरव मुंजाल ने 1 सितंबर को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस डील की पुष्टि की।

गौरव मुंजाल ने बताया कि इस समझौते के साथ दोनों कंपनियों के बीच कई महीनों से चल रही बातचीत पूरी हो गई है। उन्होंने अपने सफर को याद करते हुए बताया कि उन्होंने IAS की पढ़ाई छोड़कर Unacademy शुरू करने का फैसला किया था।

कोरोना काल में Unacademy ने हासिल की बड़ी ग्रोथ

गौरव मुंजाल के मुताबिक, कोविड महामारी के चरम दौर में Unacademy पर हर महीने 1 लाख से ज्यादा लाइव क्लास आयोजित होती थीं। उस दौरान कंपनी के करीब 10 लाख पेड सब्सक्राइबर थे।

उन्होंने बताया कि कंपनी को खड़ा करने के लिए उन्होंने दिन-रात मेहनत की। कई मुश्किल दौर भी आए। निवेशकों से मुलाकात, रिजेक्शन और कारोबार को आगे बढ़ाने की लगातार कोशिशों के बीच Unacademy का सफर उनके लिए बेहद यादगार रहा।

कभी 3.44 अरब डॉलर तक पहुंची थी वैल्यूएशन

Unacademy ने करीब छह साल पहले यूनिकॉर्न का दर्जा हासिल किया था। यूनिकॉर्न ऐसी निजी कंपनी को कहा जाता है जिसकी वैल्यूएशन 1 अरब डॉलर या उससे अधिक हो।

कोरोना महामारी के दौरान Unacademy की वैल्यूएशन तेजी से बढ़ी और यह 3.44 अरब डॉलर तक पहुंच गई थी। हालांकि, महामारी के बाद कंपनी की वैल्यूएशन में काफी गिरावट आई।

अब upGrad के साथ बढ़ेगा कारोबार

upGrad के सर्वेसर्वा रोनी स्क्रूवाला हैं। Unacademy के अधिग्रहण से upGrad को खास तौर पर ऑनलाइन एग्जाम प्रिपरेशन से जुड़े कारोबार को मजबूत करने में मदद मिल सकती है।

Unacademy UPSC, JEE, NEET और GATE जैसे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े कोर्स उपलब्ध कराती रही है। वहीं upGrad का कारोबार हायर एजुकेशन, प्रोफेशनल स्किल्स, विदेशों में एडमिशन और सर्टिफिकेशन जैसे क्षेत्रों में फैला हुआ है।

Related Articles

Back to top button