अत्याचार की बात उनके मुंह से अच्छी नहीं लगती…, मिथुन चक्रवर्ती का ममता बनर्जी पर निशाना

पद्म भूषण से सम्मानित अभिनेता और बीजेपी के पूर्व राज्यसभा सांसद मिथुन चक्रवर्ती ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और TMC प्रमुख ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के मुंह से यह बात अच्छी नहीं लगती कि उन पर अत्याचार हो रहा है। मिथुन ने कहा कि उन्होंने खुद भी बहुत कुछ सहा है।

‘हमने अत्याचार सहा है’

मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि वह ज्यादा बोलकर किसी का अपमान नहीं करना चाहते, लेकिन ममता बनर्जी का यह कहना कि उनके साथ अत्याचार हो रहा है, उन्हें अच्छा नहीं लगता। उन्होंने कहा कि उन्होंने भी अत्याचार सहा है।

मिथुन को मिली सांस्कृतिक सलाहकार की जिम्मेदारी

पश्चिम बंगाल में फिल्म प्रोडक्शन को बढ़ावा देने के लिए मिथुन चक्रवर्ती ने 30 प्रतिशत सब्सिडी देने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि बंगाल की फिल्म इंडस्ट्री को उसके गौरवशाली दौर में वापस लाने के लिए यह जरूरी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई।

इसके बाद शुक्रवार को कोलकाता में ‘उत्तर कुमार फिल्म सेंटर’ के शिलान्यास समारोह के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मिथुन चक्रवर्ती को राज्य सरकार का सांस्कृतिक सलाहकार नियुक्त करने की घोषणा की।

25 करोड़ की लागत से बनेगा फिल्म सेंटर

‘उत्तर कुमार फिल्म सेंटर’ को 25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा। इसे राज्य सरकार के कल्चर अफेयर्स डिपार्टमेंट की ओर से मंजूरी दी जा चुकी है।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि फिल्म सेंटर के डिजाइन को अंतिम रूप देने की जिम्मेदारी बंगाली सिनेमा से जुड़े विशेषज्ञों को दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस मामले में हस्तक्षेप नहीं करेगी और फिल्म क्षेत्र से जुड़े लोगों को पूरी आजादी के साथ काम करने का अवसर दिया जाएगा।

बंगाल में फिल्म इंडस्ट्री को फिर मजबूत करने की कोशिश

मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि बंगाल ने जो कुछ खोया है, उसे वापस लाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने 30 प्रतिशत सब्सिडी का जिक्र करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य पूरे भारत से लोगों को बंगाल में शूटिंग के लिए आकर्षित करना है।

उन्होंने लोगों से बंगाल आने, यहां शूटिंग करने और पहाड़ों व समुद्र का आनंद लेने की अपील भी की।

Related Articles

Back to top button