“नॉलेज शेयरिंग से बढ़ेगा इनोवेशन”… MEA ने भारत की BRICS 2026 अध्यक्षता में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और AI पर रहेगा खास फोकस…

विदेश मंत्रालय ने भारत की BRICS 2026 अध्यक्षता में इनोवेशन, AI और स्टार्टअप फंड पर फोकस को हाईलाइट किया। 12-13 सितंबर को दिल्ली में समिट।

विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने रविवार को जानकारी दी कि भारत की BRICS चेयरशिप 2026 के दौरान इनोवेशन, नॉलेज शेयरिंग, मेंटरशिप, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य सदस्य देशों के बीच क्षमताओं को मजबूत करना और आपसी सहयोग को नई ऊंचाइयां देना है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर विजुअल्स शेयर करते हुए जायसवाल ने कहा कि भारत की अध्यक्षता आपसी सहयोग को बढ़ावा देने और नए समाधानों को सक्षम बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

बता दें, इस संबंध में जारी किए गए वीडियो का टाइटल “इंडियाज BRICS चेयरशिप 2026: बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन, एंड सस्टेनेबिलिटी” रखा गया है। वीडियो में इस बात पर जोर दिया गया है कि सबसे बड़ी सफलताएं तब मिलती हैं जब ज्ञान साझा किया जाता है और युवाओं तथा उद्यमियों को आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिलता है। इसके तहत स्टार्टअप फंड, इनक्यूबेटर नेटवर्क और एक समर्पित यूथ प्लेटफॉर्म तैयार करने की योजना है। इसके साथ ही ग्यारह देशों के लिए विज्ञान की एक साझा लाइब्रेरी जैसी ‘रिसर्च रिपॉजिटरी’ और कृषि, स्वास्थ्य, लेबर मार्केट तथा शहरी परिवहन जैसे क्षेत्रों में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर व AI के व्यापक इस्तेमाल की रूपरेखा भी पेश की गई है।

इनोवेशन पिलर के तहत कई महत्वपूर्ण पहलों को शामिल किया गया है, जिनमें डिजिटल हेल्थ आर्किटेक्चर कम्पेंडियम, BRICS स्टार्टअप इनोवेशन फंड, अर्बन मोबिलिटी हब, डिजिटल एग्रीकल्चर नेटवर्क, DPI पायलट प्रोजेक्ट्स, AI-इनेबल्ड कल्चरल ऑब्जेक्ट आइडेंटिफिकेशन और ट्रेडिशनल मेडिसिन नॉलेज कम्पेंडियम प्रमुख रूप से शामिल हैं। विदेश मंत्रालय ने साफ किया है कि जब नॉलेज को आपस में बांटा जाता है, तो इनोवेशन में तेजी आती है और इसका लाभ सभी को मिलता है।

गौरतलब है कि भारत की इस ब्रिक्स चेयरशिप का मुख्य विषय “बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी” है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘ह्यूमैनिटी फर्स्ट’ (मानवता पहले) के दृष्टिकोण को दर्शाता है। ब्रिक्स के मौजूदा अध्यक्ष के रूप में भारत आगामी 12-13 सितंबर को नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित भारत मंडपम में 18वें BRICS समिट की मेजबानी करने जा रहा है, जिसमें विभिन्न सदस्य देशों, पार्टनर देशों और आउटरीच आमंत्रितों के शीर्ष नेता एक मंच पर जुटेंगे।

Related Articles

Back to top button