मथुरा में करोड़ों की बड़ी चोरी… सर्राफा प्रतिष्ठान से 10 किलो सोना और 15 लाख कैश ले उड़े चोर…

मथुरा के कोसीकलां में सर्राफा दुकान से 10 किलो सोना और 15 लाख कैश चोरी। आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार बंद किया, SSP ने बनाईं 4 टीमें।

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के थाना कोसीकलां क्षेत्र स्थित सराफा बाजार में करोड़ों रुपये की दुस्साहसिक चोरी की घटना से हड़कंप मच गया है। चोरों ने ‘जुगल किशोर अमित कुमार सराफ’ नामक प्रसिद्ध प्रतिष्ठान को निशाना बनाते हुए दुकान से करीब 10 किलोग्राम सोने के आभूषण और 15 लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार सुबह जब दुकान स्वामी दुकान खोलने पहुंचे, तब घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। वारदात से आक्रोशित सराफा व्यापारियों ने विरोध स्वरूप अपनी दुकानें बंद कर दीं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश व्यक्त किया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी श्लोक कुमार ने पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और चोरों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस की टीमें आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि संदिग्धों के रूट और पहचान का सुराग लगाया जा सके।

Related Articles

Back to top button