
भारत ने अपनी वैश्विक स्वास्थ्य कूटनीति और ‘ग्लोबल साउथ’ के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराते हुए अफ्रीका महाद्वीप के देश बोत्सवाना को बड़ी राहत सामग्री भेजी है। भारत सरकार ने बोत्सवाना के सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को सुदृढ़ करने और HIV/AIDS के इलाज में सहायता के लिए 10 टन एंटी-रेट्रोवायरल दवाओं की खेप रवाना की है।
बता दें, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस निर्णय की घोषणा करते हुए कहा कि यह सहायता भागीदार देशों के साथ स्वास्थ्य सहयोग बढ़ाने के भारत के दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए WHO की क्षेत्रीय समिति का 79वां सत्र ऐतिहासिक ‘दिली घोषणापत्र’ को अपनाने के साथ संपन्न हुआ, जिसमें विशिष्ट स्वास्थ्य सेवाओं तक सभी की समान पहुंच और स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
इसी क्रम में वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती भूमिका के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के दौरान दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के साथ द्विपक्षीय समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रस्तावित भारत-SACU व्यापार समझौते, महत्वपूर्ण खनिजों, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और नई प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में आपसी सहयोग को नई ऊंचाई देने पर सहमति बनी।









