UP : दो चावल माफियाओं में वर्चस्व की जंग! 74 सेकेंड में दागीं 6 गोलियां, लाइव फायरिंग का वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में वर्चस्व और कारोबारी रंजिश को लेकर दो चावल माफियाओं के बीच हुआ खूनी विवाद चर्चा में आ गया। मडराक थाना क्षेत्र अंतर्गत हाजीपुर चौहट्टा इलाके में हुई इस वारदात में सरेआम गोलियां चलाई गईं, जिसका लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद बंटी प्रधान और शिवकुमार नाम के दो दबंगों के गुटों के बीच हुआ। चावल के कारोबार में अपनी साख और वर्चस्व जमाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते ताबड़तोड़ फायरिंग में तब्दील हो गई। महज 1 मिनट 14 सेकेंड के वायरल वीडियो में दो युवक हाथों में खुलेआम असलहा (हथियार) लेकर करीब 6 राउंड फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

घटना के दौरान शिवकुमार के बेटे ने चावल मिल के बाहर पहुंचकर ताबड़तोड़ गोलियां दागीं। वहीं दूसरे पक्ष से बंटी प्रधान ने भी दो-दो असलहों से जमकर जवाबी फायरिंग की। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से आसपास के दुकानों और राहगीरों में भगदड़ मच गई।

मामले का वीडियो तेजी से प्रसारित होने पर हरकत में आई पुलिस टीम ने तत्काल इलाके में दबिश दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी शिवकुमार को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसका बेटा मौका पाकर फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और पूरे मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Related Articles

Back to top button