भारत ने तैयार की बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन, 20 नवंबर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे शिवराज सिंह चौहान

भारत ने बर्ड फ्लू के खिलाफ बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए H5N1 वायरस की पहली स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर ली है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को भोपाल में इस वैक्सीन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने के लिए तैयार की गई इस वैक्सीन को भोपाल स्थित ICAR-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) ने विकसित किया है।

भोपाल के NIHSAD ने विकसित की स्वदेशी वैक्सीन

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, यह मुर्गियों के लिए निष्क्रिय H5N1 (क्लेड 2.3.2.1A) अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI) वायरस की वैक्सीन है। इसे पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से विकसित किया गया है। भारत में H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1A के खिलाफ तैयार की गई यह अपनी तरह की पहली वैक्सीन है।

बर्ड फ्लू से पोल्ट्री उद्योग को होता है भारी नुकसान

बर्ड फ्लू यानी HPAI मुर्गियों और अन्य पक्षियों को प्रभावित करने वाली एक गंभीर संक्रामक बीमारी है। इसके प्रकोप से संक्रमित पक्षियों में मृत्यु दर बेहद अधिक हो सकती है। बीमारी फैलने पर बड़े पैमाने पर पक्षियों को नष्ट करना पड़ता है और व्यापार पर प्रतिबंध लग सकते हैं। इससे पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

इस बीमारी का असर केवल पोल्ट्री फार्मों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वैश्विक व्यापार, पोल्ट्री उत्पादों की कीमतों और किसानों की आजीविका पर भी पड़ता है। साल 2006 में भारत में पहली बार बर्ड फ्लू का पता चला था। इसके बाद से देश में H5N1 और H5N8 उपप्रकारों के 500 से अधिक संयुक्त प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं।

बर्ड फ्लू से GDP को 1.5 प्रतिशत तक नुकसान का खतरा

केंद्र सरकार के मुताबिक, बर्ड फ्लू का बड़ा प्रकोप भारत की GDP वृद्धि को 1.5 प्रतिशत तक कम कर सकता है। यदि बीमारी अनियंत्रित रूप से फैलती है, तो देश की 20 फीसदी से अधिक पोल्ट्री आबादी के प्रभावित होने और नष्ट होने का खतरा है।

साल 2006 में बर्ड फ्लू के प्रकोप से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया था। वहीं, मणिपुर में भी एक प्रकोप के कारण राज्य की GDP के 0.5 प्रतिशत के बराबर आर्थिक नुकसान हुआ था।

इंसानों में भी सामने आए H5N1 संक्रमण के मामले

बर्ड फ्लू केवल पशु स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिहाज से भी चिंता का विषय है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, साल 2003 से अब तक भारत समेत 25 देशों में H5N1 एवियन इन्फ्लुएंजा के 1,003 मानव मामले सामने आए हैं, जिनमें 479 लोगों की मौत हुई है।

मंत्रालय के मुताबिक, वायरस के अध्ययन में सामने आया है कि H5N1 का क्लेड 2.3.2.1A स्वरूप मुर्गियों में बर्ड फ्लू के अधिकांश प्रकोपों के लिए जिम्मेदार रहा है। हाल के वर्षों में यह वायरस स्तनधारियों समेत कई पशु प्रजातियों में भी पाया गया है। इसके अलावा, मनुष्यों में भी संक्रमण के तीन मामले सामने आए हैं।

स्वदेशी वैक्सीन से संक्रमण पर नियंत्रण की उम्मीद

केंद्र सरकार का कहना है कि वर्तमान में H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1A के खिलाफ सुरक्षा देने वाली कोई विशिष्ट व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। ऐसे में भारत में स्वदेशी वैक्सीन का विकास महत्वपूर्ण कदम है।

ICAR-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान की ओर से विकसित इस वैक्सीन का उद्देश्य देश में फैल रहे H5N1 वायरस के खिलाफ मुर्गियों को सुरक्षा प्रदान करना है। इससे पोल्ट्री किसानों को होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करने और मुर्गियों से अन्य पशुओं तथा मनुष्यों में वायरस के प्रसार को रोकने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button