आजमगढ़ में दिल दहला देने वाला हत्याकांड: पत्नी और दो पुजारियों की हत्या के बाद बेटे को भी दागी गोली, मुठभेड़ में आरोपी ढेर

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक ऐसी सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र अंतर्गत शम्भूपुर गांव में एक सिरफिरे व्यक्ति ने खूनी खेल खेलते हुए कुल 5 लोगों की जिंदगी लील ली। आरोपी ने पहले अपनी पत्नी और दो पुजारियों की निर्मम हत्या की और फिर खुद को बच्चों के साथ कमरे में बंद कर लिया।

मंगलवार शाम से देर रात तक चले इस खौफनाक ड्रामे के दौरान आरोपी अरविंद सिंह अपने ही मासूम बच्चों को जान से मारने की धमकियां दे रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही आजमगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल, एसओजी (SOG) और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने माइक से लगातार अपील करते हुए आरोपी से सरेंडर करने और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने की बात कही, लेकिन सनकी अरविंद ने पुलिस की एक न सुनी और अंदर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

काफी देर तक चले गतिरोध के बीच आरोपी ने कमरे के अंदर बंधक बनाए गए अपने ही एक बच्चे को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए दरवाजा तोड़ा और बच्चों को बचाने के लिए तुरंत अंदर दाखिल हुई। पुलिस की तरफ से की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटनास्थल से आरोपी की गोली से घायल मासूम और आरोपी दोनों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। वहीं, पुलिस की मुस्तैदी के चलते कमरे में मौजूद दो अन्य बच्चों को पूरी तरह से सकुशल और सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम द्वारा सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। इस सिरफिरे शख्स द्वारा उठाए गए इस भयावह कदम के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button