
आगरा : उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सैंया थाना क्षेत्र के जोधापुरा गांव में धर्मांतरण के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई IB के इनपुट के आधार पर की गई। गांव में करीब 15 लोगों के जुटने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस ने इस मामले में विनीत फास्टर और बंटू बघेल को गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि आरोपी विनीत ने पूछताछ के दौरान अपने आप को पादरी बताया। पुलिस को आरोपितों के पास से धार्मिक सामग्री भी बरामद होने की जानकारी मिली है। दोनों से पूछताछ जारी है।
आरोप है कि गरीबी का फायदा उठाकर लोगों को लालच देकर धर्मांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा था। पुलिस इस मामले में जुटे लोगों और आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विनीत के कई राज्यों में सक्रिय होने की बात भी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जोधापुरा गांव में लोगों के जुटने का उद्देश्य क्या था और इस गतिविधि से कितने लोग जुड़े हुए थे। मामला सैंया थाना क्षेत्र के जोधापुरा गांव का है।









