
डेस्क : भारत ने एशियन गेम्स 2026 में महिला कबड्डी में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने ईरान को 37-34 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत के खाते में एशियन गेम्स 2026 का तीसरा गोल्ड और कुल 27वां मेडल जुड़ गया है।
बता दे कि फाइनल की शुरुआत में भारतीय टीम ने मुकाबले पर मजबूत पकड़ बनाई। हाफ टाइम तक भारत 22-16 से आगे था, लेकिन दूसरे हाफ में ईरान ने जबरदस्त वापसी की। एक समय स्कोर 27-26 तक पहुंच गया और भारतीय टीम ऑलआउट भी हो गई। इससे मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया और भारत की बढ़त महज एक अंक तक सिमट गई।
मुश्किल स्थिति में टाइम-आउट के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने रणनीति में बदलाव किया। मुकाबले के आखिरी पांच मिनट में टीम इंडिया ने शानदार वापसी करते हुए दबाव ईरान पर डाल दिया। भारतीय खिलाड़ियों के आक्रामक खेल के सामने ईरानी टीम संघर्ष करती नजर आई और भारत ने आखिरकार 37-34 से मुकाबला जीतकर गोल्ड मेडल हासिल कर लिया।
यह एशियन गेम्स के इतिहास में चौथी बार है जब भारत की महिला कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक जीता है। 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में भारतीय टीम को सिल्वर मेडल मिला था, जबकि अन्य मौकों पर टीम ने गोल्ड अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत का एशियन गेम्स में महिला कबड्डी का मेडल रिकॉर्ड भी बरकरार रहा।
फाइनल के बाद भारतीय टीम की कप्तान पुष्पा राणा ने माना कि ईरान एक मजबूत चुनौती थी, लेकिन उन्हें अपनी टीम के गोल्ड जीतने का पूरा भरोसा था। एशियन गेम्स 2026 में यह भारत का तीसरा गोल्ड मेडल है। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम और कमलजीत-सुरुची सिंह की जोड़ी ने मिक्स्ड 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग इवेंट में स्वर्ण पदक जीता है। 27 मेडल के साथ भारत पदक तालिका में 12वें स्थान पर है।









