
डेस्क : मेरठ की धावक पारुल चौधरी ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है। पारुल ने तीन दिनों के भीतर दो कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। रविवार को उन्होंने महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। पारुल ने 9:08.67 के समय के साथ रेस पूरी की और इस दौरान अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया।
इसके बाद सोमवार को पारुल ने महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 15:14.61 के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। इस तरह एशियन गेम्स 2026 में पारुल चौधरी के खाते में अब दो कांस्य पदक हो गए हैं।
पारुल की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने एशियन गेम्स के पिछले संस्करण में भी शानदार प्रदर्शन किया था। 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में उन्होंने 5000 मीटर में गोल्ड और 3000 मीटर स्टीपलचेज में सिल्वर मेडल जीता था।मेरठ की बेटी ने एक बार फिर अपनी मेहनत, निरंतरता और शानदार प्रदर्शन से भारतीय एथलेटिक्स में अपनी पहचान मजबूत की है। लगातार दो पदक जीतकर पारुल ने एशियन गेम्स में अपनी पदक यात्रा को और यादगार बना दिया है।









