
डेस्क : भारतीय क्रिकेटर दीपक चाहर के तीन महंगे प्लेयर एडिशन क्रिकेट बैट चोरी होने का मामला सामने आया है। ये बैट आगरा स्थित चाहर डावर ग्राउंड से गायब हुए, जहां दीपक चाहर शनिवार शाम अभ्यास के लिए पहुंचे थे। तीनों बैट की कुल कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, अभ्यास के दौरान दीपक ने अपनी क्रिकेट किट मैदान में रखी थी और गेंदबाजी की प्रैक्टिस करने लगे। करीब एक घंटे बाद जब वह बैटिंग अभ्यास के लिए अपनी किट के पास पहुंचे तो तीनों बैट वहां नहीं मिले। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर घटना की जानकारी दी और बैट ले जाने वाले व्यक्ति से उन्हें वापस करने की अपील की।
दीपक चाहर ने वीडियो में कहा कि चोरी करने वाले को शायद इन बैट की वास्तविक कीमत का अंदाजा नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर बैट वापस कर दिए जाते हैं तो वह इसके बदले पैसे देने के लिए तैयार हैं। इसके साथ ही उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि उनके सामने पुलिस में शिकायत कर ने, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद मांगने और भगवान से प्रार्थना करने जैसे विकल्प हैं। दीपक चाहर के पिता लोकेंद्र चाहर ‘चाहर डावर ग्राउंड’ के नाम से क्रिकेट अकादमी चलाते हैं। घटना के बाद दीपक की अपील वाला वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।









