लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक की डिग्री निकली फर्जी… वेंकटेश्वरा यूनिवर्सिटी के कर्मचारी ने दर्ज कराया मुकदमा…

अमरोहा में लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक की 12वीं की डिग्री फर्जी पाई गई। वेंकटेश्वरा यूनिवर्सिटी की शिकायत पर रजबपुर थाने में केस दर्ज।

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक की शैक्षणिक डिग्री और अंकपत्र पूरी तरह से फर्जी पाए गए हैं। इस खुलासे के बाद से कानूनी और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि दीपक ने अमरोहा स्थित श्री वेंकटेश्वरा यूनिवर्सिटी से बीएएलएलबी कोर्स में प्रवेश पाने के लिए फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया था।

बता दें, प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी वकील ने वर्ष 2019 में यूनिवर्सिटी के बीएएलएलबी कोर्स में एडमिशन लिया था और साल 2024 में अपना कोर्स पूरा किया था। प्रवेश के दौरान उसने जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन के नाम से 12वीं कक्षा के अंकपत्र और प्रमाणपत्र जमा किए थे। मामला तब उजागर हुआ जब दिल्ली क्राइम ब्रांच की जांच के दौरान इन दस्तावेजों पर संदेह पैदा हुआ। इसके बाद जब कागजातों का सत्यापन जम्मू-कश्मीर बोर्ड से कराया गया, तो बोर्ड ने 19 सितंबर को साफ कर दिया कि ऐसे कोई भी अंकपत्र उनके आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हैं।

इस खुलासे के बाद वेंकटेश्वरा यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक अधिकारी अरुण कुमार ने रजबपुर थाने में आधिकारिक तहरीर दी। रजबपुर थाना प्रभारी तेजपाल सिंह ने बताया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन की शिकायत के आधार पर आरोपी दीपक के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल, पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी और विधिक कार्रवाई तेजी से कर रही है।

Related Articles

Back to top button