
नई दिल्ली: 2026 एशियन गेम्स में भारत ने अपना 7वां गोल्ड मेडल जीत लिया है। कंपाउंड तीरंदाजी के महिला टीम इवेंट में भारत ने चीन को 238-234 के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ज्योति, चिकिता और प्रीतिका की भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 238 अंक हासिल किए।
भारतीय टीम का यह स्कोर कंपाउंड तीरंदाजी के महिला टीम इवेंट में विश्व रिकॉर्ड के बराबर है। इससे पहले 2014 एशियाई खेलों के फाइनल में दक्षिण कोरिया ने 238 अंक बनाकर यह रिकॉर्ड कायम किया था।
शुरुआत से भारत ने बनाए रखी बढ़त
चार सीरीज तक चले गोल्ड मेडल मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही चीन पर दबाव बनाए रखा। पहले सेट में भारत ने परफेक्ट 60 अंक हासिल किए, जबकि चीन की टीम 58 अंक ही बना सकी।
दूसरी सीरीज में भी भारत ने 59-58 से बढ़त बनाई। इसके बाद भारतीय टीम की कुल बढ़त 3 अंकों की हो गई। तीसरी सीरीज में चीन ने परफेक्ट 60 अंक हासिल किए, जबकि भारत ने 59 अंक बनाए। इसके बावजूद भारतीय टीम 178-176 की बढ़त के साथ आगे रही।
आखिरी सेट में परफेक्ट 60 से जीता गोल्ड
फाइनल सेट में भारतीय तीरंदाजों पर दबाव था, लेकिन ज्योति, प्रीतिका और चिकिता ने शानदार संयम दिखाया। तीनों ने आखिरी सीरीज में परफेक्ट 60 अंक हासिल किए और चीन को पीछे छोड़ते हुए 238-234 से मुकाबला जीत लिया।
भारतीय टीम ने 24 शॉट्स में से 22 बार 10 अंक हासिल किए। पूरे मुकाबले में टीम सिर्फ दो बार 10 के स्कोर से बाहर रही।
चारों सेट में भारत का प्रदर्शन
- पहला सेट: भारत 60-58 चीन
- दूसरा सेट: भारत 59-58 चीन
- तीसरा सेट: भारत 59-60 चीन
- चौथा सेट: भारत 60-59 चीन
- कुल स्कोर: भारत 238-234 चीन
दक्षिण कोरिया के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी
महिला कंपाउंड टीम इवेंट में 238 का स्कोर इससे पहले दक्षिण कोरिया के नाम था। दक्षिण कोरिया ने 2014 एशियाई खेलों के फाइनल में 238 अंक हासिल कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। अब भारत की ज्योति, प्रीतिका और चिकिता ने 238 अंक बनाकर इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।









