
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के लखनऊ के नाका थाना क्षेत्र में मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। राजेंद्र नगर चौराहे के पास स्थित विजन अपार्टमेंट में 42 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। महिला का शव अपार्टमेंट के फ्लैट में मिला। पुलिस के मुताबिक, महिला के 17 वर्षीय बेटे पर रिंच से सिर पर वार कर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद आरोपी बेटा मौके पर ही मौजूद रहा और उसने खुद पुलिस को फोन कर मां की हत्या की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले मां और बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान बेटे ने लोहे की रिंच से महिला के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं और वारदात में इस्तेमाल रिंच भी जांच के दायरे में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस की जांच में आरोपी की मानसिक स्थिति और परिवार के भीतर चल रहे विवाद समेत कई पहलुओं को खंगाला जा रहा है। कुछ रिपोर्टों में आरोपी के जेंडर पहचान और इससे जुड़े पारिवारिक मतभेद का भी उल्लेख किया गया है, हालांकि घटना के सटीक कारण और घटनाक्रम की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।









