
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी है। इस बार प्रदेश भर में कुल 7,526 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 52 लाख से अधिक परीक्षार्थी अपनी मुख्य परीक्षाओं में शामिल होंगे।
बता दें, जारी की गई आधिकारिक सूची के अनुसार, परीक्षा संपन्न कराने के लिए 862 राजकीय विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा 3,276 अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) कॉलेजों और 3,388 स्ववित्त पोषित (प्राइवेट) विद्यालयों को परीक्षा केंद्र के रूप में शामिल किया गया है। बोर्ड सचिव ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के चयन में मानकों और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा गया है।
प्रस्तावित सूची जारी होने के साथ ही बोर्ड प्रशासन ने विद्यालय के प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों और अभिभावकों से आपत्तियां भी मांगी हैं। जो भी आपत्तियां और सुझाव आधिकारिक पोर्टल पर प्राप्त होंगे, जिला स्तरीय समिति द्वारा उनका गहन परीक्षण और निस्तारण किया जाएगा। आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूपी बोर्ड द्वारा परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी, जिससे प्रदेश के लाखों छात्रों को परीक्षा केंद्रों की सटीक जानकारी मिल सकेगी।









