
लखनऊ : राजधानी लखनऊ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शहर में पिछले करीब 40 घंटे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। अक्टूबर के महीने में ही राजधानी में सर्दी का एहसास होने लगा है। मौसम के इस बदलाव ने लोगों को गर्मी से राहत देने के साथ ठंड का अहसास भी करा दिया है।
30 अक्टूबर को लखनऊ का अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 11 साल में 30 अक्टूबर का दिन सबसे ठंडा रहा। तापमान में आई इस गिरावट के पीछे लगातार हो रही बारिश को प्रमुख वजह माना जा रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, 24 घंटे के भीतर अधिकतम तापमान में 8.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
शुक्रवार को दिनभर राजधानी में बारिश का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान कुल 11 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, रात से ही लखनऊ में हल्की बारिश हो रही है। आसमान में बादल छाए रहने और ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहावना बना हुआ है।
मौसम के बदले मिजाज के बीच आज यानी 31 अक्टूबर को भी राजधानी में दिनभर हल्की बारिश होने के आसार हैं। ऐसे में तापमान में और बदलाव देखने को मिल सकता है। लगातार बारिश के चलते लोगों को आने-जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल राजधानी में मौसम का बदला हुआ मिजाज अक्टूबर के आखिरी दिनों में ठंड की दस्तक का एहसास करा रहा है।









