
डेस्क : बिग बॉस OTT सीजन 3 से पहचान बनाने वाली यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शिवानी कुमारी एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार अमेरिकी इन्फ्लुएंसर मार्विन आची (Marvin Achi) के साथ उनका विवाद सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है। दोनों की ओर से वीडियो जारी किए जाने के बाद मामला और चर्चा में आ गया है। पहले शिवानी ने भावुक होकर अपना पक्ष रखा, वहीं अब मार्विन ने भी वीडियो साझा किए हैं, जिनमें वह भावुक नजर आ रहे हैं।
गांव में हुई मुलाकात के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी इन्फ्लुएंसर मार्विन आची हाल ही में उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के सहायल क्षेत्र स्थित अरियारी गांव पहुंचे थे। यहां उनकी मुलाकात शिवानी कुमारी से हुई थी। मार्विन दशहरा के कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे। शिवानी के साथ गांव में समय बिताने के बाद वह अमेरिका लौट गए। हालांकि, अमेरिका पहुंचने के बाद मार्विन ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर अपने अनुभव को लेकर नाराजगी जाहिर की। इसके बाद दोनों के बीच विवाद सामने आया।
Marvin Achi ने लगाए मजाक उड़ाने के आरोप
बता दे कि मार्विन आची ने अपने वीडियो में आरोप लगाया कि भारतीय संस्कृति और ग्रामीण जीवन को समझने के लिए वह शिवानी के गांव पहुंचे थे। वह शिवानी को अपना दोस्त मानते थे, लेकिन वहां उनके साथ हुए व्यवहार से उन्हें निराशा हुई। मार्विन के मुताबिक, गांव में उनके चेहरे पर पेंट लगाया गया था। उस समय उन्होंने इसे भारतीय परंपरा का हिस्सा समझकर स्वीकार किया, लेकिन बाद में सोशल मीडिया पर लोगों की टिप्पणियों से उन्हें महसूस हुआ कि उनका मजाक बनाया गया था।
उन्होंने अपनी दोस्त फर्नांडा के साथ हुई घटना का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि उसके चेहरे पर रेत फेंकी गई थी। मार्विन ने सवाल उठाया कि किसी दूसरे देश की संस्कृति से अनजान व्यक्ति का इस तरह मजाक बनाना कितना उचित है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज के लिए ऐसा किया गया।
शिवानी कुमारी ने रोते हुए वीडियो जारी कर दी सफाई
मार्विन के आरोपों के बाद शिवानी कुमारी ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया। वीडियो में वह भावुक होकर अपना पक्ष रखती नजर आईं। शिवानी ने कहा कि मार्विन उनके लिए मेहमान और भाई जैसे हैं। अगर उन्हें गांव में किसी बात से परेशानी हुई थी तो उन्हें सीधे उनसे बातचीत करनी चाहिए थी। सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करने से पहले उनसे इस बारे में पूछा जा सकता था। शिवानी ने अपने वीडियो के जरिए मार्विन के आरोपों पर सफाई देते हुए अपनी नाराजगी भी जाहिर की।
अब Marvin Achi ने भी शेयर किए भावुक वीडियो
विवाद के बीच अब मार्विन आची ने भी दो वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए हैं। इन वीडियो में वह भावुक दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बैकग्राउंड में ‘दिल टूटा’ गाना लगाया है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर शिवानी कुमारी को अनफॉलो करने की बात भी सामने आई है। ऐसे में दोनों के बीच विवाद अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
कौन हैं शिवानी कुमारी?
शिवानी कुमारी उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अरियारी गांव की रहने वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर हैं। वह अपने देसी अंदाज, ग्रामीण भाषा और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े वीडियो के लिए जानी जाती हैं। उनके कंटेंट में गांव की जीवनशैली, मनोरंजन और कॉमेडी से जुड़े वीडियो शामिल होते हैं। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग उन्हें फॉलो करते हैं।
Bigg Boss OTT 3 से मिली देशभर में पहचान
शिवानी कुमारी ने साल 2024 में रियलिटी शो ‘बिग बॉस OTT सीजन 3’ में हिस्सा लिया था। इस शो के बाद उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई। इससे पहले भी वह अपने यूट्यूब वीडियो और सोशल मीडिया कंटेंट के जरिए पहचान बना चुकी थीं। फिलहाल शिवानी कुमारी और मार्विन आची के बीच विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। दोनों के वीडियो के बाद अब इस मामले में आगे क्या होता है, इस पर लोगों की नजर बनी हुई है।









