गोंडा में CM योगी का सपा पर बड़ा हमला, बोले- समाजवादी पार्टी यूपी के लिए श्राप है, पहले कर्फ्यू और दंगों का था माहौल

गोंडा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा में एक जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा शासनकाल की कानून-व्यवस्था और दुर्गा पूजा को लेकर सवाल उठाए। सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के लिए श्राप है। जब भी सपा की सरकार आई, प्रदेश में तबाही मचाई गई।

सपाई-कसाई दुर्गा पूजा का विरोध करते थे- CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले प्रदेश में दुर्गा पूजा के आयोजन के लिए भी इजाजत नहीं मिलती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में दुर्गा पूजा का विरोध किया जाता था। सीएम ने कहा कि आज प्रदेश में त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जा रहे हैं, जबकि पहले त्योहारों के दौरान लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

सपा सरकार में कर्फ्यू और दंगों का माहौल था

सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में प्रदेश में कर्फ्यू और दंगों की स्थिति बनी रहती थी। उन्होंने युवाओं से कहा कि आज की पीढ़ी को शायद पता नहीं होगा कि पहले किस तरह लूट होती थी और बाजार वीरान हो जाते थे। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने अभिभावकों से पूछना चाहिए कि कर्फ्यू क्या होता है और उस दौरान लोगों को किन परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

सपा शासनकाल पर CM योगी का निशाना

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा जब भी सत्ता में आई, प्रदेश में अव्यवस्था और अराजकता का माहौल बना। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और लोग बिना डर के अपने त्योहार मना रहे हैं। सीएम योगी के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में एक बार फिर सपा और बीजेपी के बीच जुबानी जंग तेज होने के आसार हैं।

Related Articles

Back to top button