पेंशनर्स को बड़ी राहत! अब घर बैठे मोबाइल से बनेगा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट, बैंक जाने की जरूरत नहीं

पेंशन लेने वाले बुजुर्गों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब पेंशनर्स को अपना लाइफ सर्टिफिकेट यानी जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक या सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। स्मार्टफोन के जरिए घर बैठे ही चेहरा दिखाकर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाया जा सकता है। इसके लिए न तो फिंगरप्रिंट मशीन की जरूरत होगी और न ही किसी अलग बायोमेट्रिक डिवाइस की।

दरअसल, सरकार ने 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक देशभर में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट का पांचवां अभियान शुरू किया है। यह अभियान करीब 2,000 शहरों और जिलों में चलाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य इस दौरान 2.30 करोड़ डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट तैयार करना है, जिनमें से 1.50 करोड़ सर्टिफिकेट फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

कैसे बनेगा मोबाइल से लाइफ सर्टिफिकेट?

इसके लिए पेंशनर्स को अपने स्मार्टफोन में Jeevan Pramaan Face App और AadhaarFaceRD ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद आधार और मोबाइल नंबर की मदद से रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद मोबाइल के फ्रंट कैमरे के सामने अपना चेहरा दिखाना होगा। फेस ऑथेंटिकेशन पूरा होते ही डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जनरेट हो जाएगा।

बुजुर्गों के घर तक पहुंचेगी सरकारी मदद

इस अभियान में 19 बैंक, 785 डाकघर और 56 पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन को शामिल किया गया है। इसके अलावा EPFO, रेलवे और राज्य सरकारें भी सहयोग करेंगी। जो बुजुर्ग पेंशनर्स खुद बैंक या कैंप तक नहीं पहुंच सकते, उनकी जरूरत के मुताबिक घर पर सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी। कई जगहों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे, जहां स्वास्थ्य जांच और आधार अपडेट कराने की सुविधा भी मिलेगी।

30 नवंबर तक जमा करें डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट

पेंशनर्स को ध्यान देना होगा कि डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट का यह विशेष अभियान 30 नवंबर 2026 तक चलेगा। ऐसे में जिन पेंशनर्स ने अभी तक अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं किया है, वे समय रहते यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। किसी तरह की परेशानी होने पर अभियान के तहत नियुक्त शिकायत अधिकारी से भी मदद ली जा सकती है।

इस डिजिटल सुविधा से खासतौर पर उन बुजुर्गों को राहत मिलेगी, जिन्हें हर साल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के लिए बैंक तक पहुंचने में परेशानी होती है।

Related Articles

Back to top button