बादशाह और श्रेया घोषाल का नया गाना ‘माहिया’ रिलीज… अवनीत कौर के साथ दिखी रोमांटिक केमिस्ट्री…

बादशाह और श्रेया घोषाल का नया रोमांटिक गाना 'माहिया' रिलीज हो गया है। म्यूजिक वीडियो में अवनीत कौर नजर आ रही हैं। जानिए गाने की खास बातें।

म्यूजिक लवर्स के लिए एक नया रोमांटिक ट्रैक रिलीज हो गया है। रैपर बादशाह और मशहूर सिंगर श्रेया घोषाल का नया गाना ‘माहिया’ दर्शकों के बीच आ गया है। इस गाने में दोनों कलाकारों की अलग-अलग म्यूजिक स्टाइल का शानदार मेल देखने को मिल रहा है। वहीं, म्यूजिक वीडियो में एक्ट्रेस अवनीत कौर नजर आ रही हैं।

‘ही इज केओस, शी इज मैजिक। ऐसा कभी नहीं होना चाहिए था’ की क्रिएटिव थीम पर तैयार किया गया ‘माहिया’ एक अपबीट रोमांटिक ट्रैक है। इसमें बादशाह के सिग्नेचर अर्बन ग्रूव के साथ श्रेया घोषाल की सुरीली आवाज का खूबसूरत संगम देखने को मिलता है।

बादशाह ने खुद लिखा और कंपोज किया गाना

‘माहिया’ को बादशाह ने खुद लिखा और कंपोज किया है। इस गाने में उनका एक अलग रोमांटिक अंदाज देखने को मिल रहा है। वहीं, म्यूजिक प्रोडक्शन की जिम्मेदारी हितेन ने संभाली है। गाने के मॉडर्न इलेक्ट्रॉनिक पॉप साउंड के साथ सारंगी का खास इस्तेमाल किया गया है, जो इसमें भारतीय संगीत का अलग रंग जोड़ता है।

बादशाह बोले- दो अलग म्यूजिकल यूनिवर्स का क्रॉसओवर

गाने को लेकर बादशाह ने कहा कि श्रेया घोषाल को हर कोई रोमांस की क्वीन के रूप में जानता है। इंडियन आइडल के सेट पर दोनों की दोस्ती काफी शानदार रही है, लेकिन साथ में स्टूडियो में काम करना बिल्कुल अलग अनुभव था।

उन्होंने कहा कि ‘माहिया’ ऐसा गाना है, जो पहली बार सुनने के बाद भी लंबे समय तक याद रहता है। इसमें चाहत, प्यार और जश्न का खूबसूरत संतुलन है। यह दो अलग-अलग म्यूजिकल यूनिवर्स का मिलन है, जो एक यूनिवर्सल लव स्टोरी पेश करता है।

श्रेया घोषाल ने बताया खास अनुभव

श्रेया घोषाल ने कहा कि बादशाह के साथ जज के तौर पर कई शानदार पल बिताए हैं, लेकिन एक गाने पर साथ काम करने का इंतजार काफी समय से था। उन्होंने बताया कि बादशाह ‘माहिया’ में एक नया नजरिया लेकर आए हैं। यह गाना मॉडर्न म्यूजिक अरेंजमेंट के साथ गहरे इमोशन्स को खूबसूरती से जोड़ता है।

अवनीत कौर के लिए सपने जैसा रहा अनुभव

गाने के म्यूजिक वीडियो में नजर आ रहीं अवनीत कौर ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि श्रेया घोषाल के गाने सुनकर वह बड़ी हुई हैं और बादशाह के म्यूजिक को भी लंबे समय से पसंद करती हैं। ऐसे में दोनों कलाकारों के साथ एक ही प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास है।

अवनीत ने कोरियोग्राफर पीयूष और शाजिया की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि दोनों ने अपनी कोरियोग्राफी से गाने के चार्म और इमोशन को और खूबसूरत बना दिया। अवनीत को उम्मीद है कि ‘माहिया’ दर्शकों के दिलों में जगह बनाएगा और उनकी लव स्टोरी का हिस्सा बनेगा। कुल मिलाकर, बादशाह और श्रेया घोषाल की यह नई म्यूजिकल जोड़ी रोमांटिक गानों के शौकीनों के लिए खास पेशकश लेकर आई है।

Related Articles

Back to top button