
कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जगतपुर में पति ने कथित तौर पर पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की चपेट में आने से 30 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी पति अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। वारदात के बाद आरोपी दोनों बच्चों को लेकर खुद पुलिस चौकी पहुंच गया और समर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विवाद के बाद पत्नी को जिंदा जलाया
जानकारी के मुताबिक, ग्राम जगतपुर निवासी सुखवीर सिंह उर्फ मोनू का गुरुवार सुबह करीब 7:15 बजे अपनी पत्नी सोनम राठौर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। बताया जा रहा है कि उसने पत्नी को कुर्सी से बांध रखा था।
आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। महिला को बचाने के लिए ग्रामीण दौड़े और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक सोनम की जलकर मौत हो चुकी थी। आग की चपेट में पूरा घर भी आ गया।
दोनों बच्चों को लेकर पुलिस चौकी पहुंचा आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुखवीर अपने दोनों बच्चों को लेकर खुद पुलिस चौकी पहुंच गया और पुलिस के सामने समर्पण कर दिया। दंपती के एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पत्नी के चरित्र पर शक को लेकर होता था विवाद
ग्रामीणों के अनुसार, सुखवीर करीब 12 वर्ष पहले गुड़गांव से सोनम को अपने साथ गांव लेकर आया था। उसने ग्रामीणों को बताया था कि दोनों ने शादी कर ली है। बाद में उसने बताया कि सोनम की पहले भिंड में शादी हुई थी और वह वहां से अलग होकर उसके साथ आई थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि सुखवीर अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और झगड़े होते रहते थे। बुधवार रात भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद गुरुवार सुबह यह वारदात सामने आई।
2015 में हुई थी लव मैरिज
बताया जा रहा है कि सुखवीर और सोनम ने वर्ष 2015 में लव मैरिज की थी। आरोपी हरियाणा में मजदूरी करता था और हाल ही में घर लौटा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।









