
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने देश में बड़े मूल्य के करेंसी नोटों को बंद करने की मांग एक बार फिर उठाई है। उन्होंने भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और नकदी के इस्तेमाल को सीमित करने के उद्देश्य से 500 रुपये के नोट को भी चलन से बाहर करने का सुझाव दिया है। उनका कहना है कि देश की अर्थव्यवस्था में केवल 100 और 200 रुपये के नोट ही प्रचलन में रहने चाहिए।
सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के प्रमुख नायडू ने स्पष्ट किया कि वह इस मुद्दे को लगातार उठाते रहेंगे। उन्होंने 500, 1000 और 2000 रुपये के नोटों को बंद करने की वकालत करते हुए कहा कि बड़े मूल्य की करेंसी का इस्तेमाल कम होने से भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों में नकदी के बड़े लेनदेन पर अंकुश लगाया जा सकेगा।
नायडू के मुताबिक, अधिक मूल्य वाले नोटों की उपलब्धता से बड़ी मात्रा में नकदी रखना और उसका इस्तेमाल करना आसान हो जाता है। ऐसे में छोटे मूल्य के नोटों को बढ़ावा देने से नकद लेनदेन को सीमित करने में मदद मिल सकती है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में तकनीक के बेहतर इस्तेमाल को भी आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि यदि तकनीक को सही तरीके से लागू किया जाए, तो देश में संपत्ति का सृजन करने और गरीबी को दूर करने की दिशा में तेजी से काम किया जा सकता है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बड़े करेंसी नोटों को बंद करने का सुझाव वह पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपी गई डिजिटल करेंसी से संबंधित रिपोर्ट में भी दे चुके हैं।
साल 2016 में हुई नोटबंदी के बाद केंद्र सरकार ने 2,000 रुपये का नोट जारी किया था, हालांकि बाद में इसे बाजार से वापस ले लिया गया। वहीं, 200 रुपये का नोट 25 अगस्त 2017 को प्रचलन में आया था।RBI के अगस्त 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, बाजार में 500 रुपये के कुल 7,25,755 लाख नोट प्रचलन में हैं, जिनकी संख्या लगभग 72.57 हजार करोड़ बताई गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, देश में प्रचलित कुल नकदी के मूल्य में 500 रुपये के नोटों की हिस्सेदारी 85.5 प्रतिशत है। वहीं, कुल नोटों की संख्या में इनकी हिस्सेदारी करीब 41.3 प्रतिशत है। यानी संख्या के लिहाज से भले ही 500 रुपये के नोट आधे से कम हों, लेकिन कुल मुद्रा मूल्य में इनका दबदबा सबसे ज्यादा है।









