
दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली में दीवाली के बाद वायु प्रदूषण ने गंभीर रूप ले लिया है। शहर की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को सामान्य रूप से सांस लेने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और शाम के समय प्रदूषण का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है। कई इलाकों में धुंध और धुएं की मोटी परत छाई हुई है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
AQI 436 के करीब, खतरनाक श्रेणी में पहुंची हवा
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है। राजधानी का AQI करीब 436 दर्ज किया गया है, जो बेहद खराब से भी आगे खतरनाक श्रेणी में आता है। दिवाली के दिन हुई आतिशबाजी को प्रदूषण बढ़ने की प्रमुख वजहों में शामिल किया जा रहा है। पटाखों से निकले धुएं और पहले से मौजूद प्रदूषण ने हवा की गुणवत्ता को और बिगाड़ दिया है।
दिवाली पर पांच साल में सबसे ज्यादा प्रदूषण
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल दिवाली पर दिल्ली में प्रदूषण ने पिछले पांच वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दिवाली के दिन राजधानी का औसत AQI 376 दर्ज किया गया। वहीं, दिवाली के अगले दिन सोमवार को भी हालात में कोई खास सुधार नहीं हुआ। सुबह 10 बजे तक शहर धुएं की चादर में लिपटा रहा और AQI 371 रिकॉर्ड किया गया।
प्रदूषण से कब मिलेगी राहत?
राजधानी में बढ़ते प्रदूषण ने एक बार फिर सरकारी इंतजामों और प्रदूषण नियंत्रण के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वातावरण को स्वच्छ बनाने के लिए कई उपाय किए जा रहे हैं, लेकिन मौजूदा हालात राहत मिलने की उम्मीदों को कमजोर कर रहे हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि दिल्ली की हवा कब साफ होगी और लोगों को इस जहरीले वातावरण से कब राहत मिलेगी।









