2027 से पहले मथुरा में BJP का महामंथन, 45 दिग्गज तैयार करेंगे यूपी फतह का चुनावी ब्लूप्रिंट

लखनऊ/मथुरा: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को धार देने की रणनीति तेज कर दी है। इसी कड़ी में 16 और 17 नवंबर को मथुरा में यूपी बीजेपी का दो दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित होने जा रहा है। इस शिविर में करीब 45 वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। चुनावी रणनीतिकारों से लेकर राष्ट्रीय पदाधिकारियों तक की मौजूदगी में पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर गहन मंथन करेगी।

यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में प्रस्तावित इस चिंतन शिविर के एक सत्र को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कुछ पदाधिकारी भी अलग से चर्चा में शामिल होंगे। इस बैठक को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

टिकट से लेकर चुनाव प्रचार तक बनेगी रणनीति

मथुरा में होने वाले इस महामंथन का एजेंडा सिर्फ चुनाव जीतने तक सीमित नहीं रहेगा। पार्टी के भीतर संगठनात्मक जिम्मेदारियों और बड़े नेताओं के राजनीतिक भविष्य को लेकर भी चर्चा होगी। टिकट वितरण, वरिष्ठ नेताओं को विधानसभा चुनाव लड़ाने, चुनाव प्रचार की रणनीति, बड़ी रैलियों, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और संगठन-सरकार के बीच बेहतर तालमेल जैसे मुद्दे बैठक के केंद्र में रहेंगे।

अखिलेश यादव के PDA नैरेटिव की काट पर फोकस

बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के PDA नैरेटिव की काट तैयार करना है। ऐसे में पार्टी की रणनीति में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग तक अपनी पहुंच मजबूत करने के मुद्दे पर भी मंथन हो सकता है।

इसके साथ ही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR अभियान, कार्यकर्ताओं की चुनावी जिम्मेदारियों और दूसरे राज्यों से उत्तर प्रदेश में चुनावी प्रबंधन के लिए आने वाले प्रवासी नेताओं की भूमिका पर भी चर्चा होगी।

2027 के लिए बीजेपी का बड़ा चुनावी रोडमैप

मथुरा का दो दिवसीय चिंतन शिविर बीजेपी के लिए सिर्फ संगठनात्मक बैठक नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव की दिशा और रणनीति तय करने का अहम मंच बनने जा रहा है। करीब 45 दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में होने वाला यह मंथन तय करेगा कि बीजेपी 2027 में यूपी की सत्ता में वापसी के लिए किस रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी।

Related Articles

Back to top button