
लखनऊ: उत्तर प्रदेश बीजेपी में इन दिनों संगठन के भीतर चल रही खींचतान और कथित मतभेदों को लेकर सियासी हलचल तेज है। इस बीच पार्टी ने एक ऐसा कदम उठाया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के संयुक्त हस्ताक्षर से एक बयान जारी किया गया है। इसमें 209 सीटों की सूची आलाकमान को भेजे जाने से जुड़ी मीडिया खबरों का खंडन किया गया है।
बीजेपी ने इन खबरों को गलत, भ्रामक और साजिश करार दिया है। खास बात यह है कि इस बयान पर मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष दोनों के हस्ताक्षर हैं। इसे पार्टी की ओर से मीडिया में चल रही खबरों पर असाधारण प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है।
दरअसल, एक राष्ट्रीय न्यूज चैनल ने 209 सीटों की सूची आलाकमान को भेजे जाने से जुड़ी खबर को प्रमुखता से प्रसारित किया था। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री के दिवाली मिलन कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने संबंधित लोगों को इस मुद्दे पर कड़ी फटकार लगाई थी। हालांकि, इस घटनाक्रम को लेकर सामने आई चर्चाओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से यूपी बीजेपी में संगठनात्मक बदलाव, आंतरिक मतभेद और नेताओं के बीच कथित खींचतान की खबरें लगातार सुर्खियों में हैं। ऐसे माहौल में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की ओर से संयुक्त हस्ताक्षर वाला बयान जारी होना काफी अहम माना जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों की नजर अब इस बात पर है कि बीजेपी का यह संयुक्त बयान संगठन के भीतर चल रही चर्चाओं और मीडिया में सामने आ रही खबरों पर किस तरह का असर डालता है।









