शिकायतों के बावजूद भी नहीं जागा प्रशासन… सांप के खौफनाक आतंक के बीच जीने को मजबूर ग्रामीण…

लखनऊ के मलिहाबाद स्थित रहमत नगर गांव में सांपों का खौफ है। ग्रामीणों का दावा है कि तीन महीने में 50 से ज्यादा लोगों को सांप काट चुका है। 17 वर्षीय अनमोल की मौत के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मदद मांगी है।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र स्थित रहमत नगर गांव में इन दिनों सांपों का खौफ लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि पिछले तीन महीनों में 50 से ज्यादा लोगों को सांप काट चुका है। हैरानी की बात यह है कि कई घटनाओं में लोगों को सांप दिखाई तक नहीं देता। गांव में रोजाना 5 से 7 लोगों को सांप काटने की बात कही जा रही है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को डरा दिया है।

तीन महीने में 50 से ज्यादा लोगों को सांप ने काटा!

ग्रामीणों के मुताबिक, रहमत नगर गांव में पिछले तीन महीने से लगातार सांप काटने की घटनाएं हो रही हैं। महिला, पुरुष और बच्चे इसकी चपेट में आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन किसी न किसी को सांप काटने की खबर मिलती है। इस वजह से लोगों में डर का माहौल है। बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो रहा है, वहीं ग्रामीणों के रोजमर्रा के काम और रोजगार पर भी असर पड़ रहा है।

17 साल के अनमोल की मौत से परिवार में मचा कोहराम

गांव में सांप काटने की घटनाओं के बीच करीब तीन महीने पहले 17 वर्षीय अनमोल की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि अनमोल के हाथ की उंगली में सांप ने काट लिया था। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां दो दिनों तक उसका उपचार चला। हालांकि, इलाज के दौरान अनमोल ने दम तोड़ दिया। किशोर की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।

शिकायत के बावजूद गांव नहीं पहुंची डॉक्टरों की टीम?

अनमोल की मौत के बाद उसके माता-पिता ने जिलाधिकारी और उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से मदद की गुहार लगाई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की डॉक्टरों की टीम गांव नहीं पहुंची। वहीं, वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों पर भी मामले की अनदेखी करने के गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं।

झाड़-फूंक और हवन का भी लिया सहारा

लगातार हो रही घटनाओं से परेशान ग्रामीणों ने झाड़-फूंक का सहारा भी लिया। बताया जा रहा है कि एक ग्रामीण जब बाबा के पास पहुंचा तो उसे गांव में किसी साये का प्रकोप होने की बात बताई गई। बाबा ने सांप के रूप में साया गांव को परेशान करने की बात कही। इसके बाद ग्रामीणों ने रात में पूजा-पाठ और हवन भी कराया। हालांकि, इन सबके बावजूद लोगों का डर कम नहीं हुआ है।

गांव में दहशत, अब प्रशासन से कार्रवाई की उम्मीद

ग्रामीणों का दावा है कि अब तक 50 से अधिक लोगों को सांप काट चुका है, हालांकि अनमोल को छोड़कर बाकी सभी की जान बच गई। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर गांव में सांप काटने की इतनी घटनाएं क्यों हो रही हैं? क्या गांव के आसपास सांपों का बसेरा है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक किशोर की मौत और लगातार मिल रही शिकायतों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग और वन विभाग की ओर से अब तक प्रभावी जांच कब शुरू होगी? ग्रामीणों को अब प्रशासन से उम्मीद है कि अधिकारी गांव पहुंचकर हालात का जायजा लेंगे और लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएंगे।

Related Articles

Back to top button