राम-कृष्ण आस्था का विषय, चुनावी मुद्दा नहीं… अपर्णा यादव का बड़ा बयान, अखिलेश को मथुरा जाने की दी सलाह

कानपुर: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर बड़ा बयान दिया है। कानपुर पहुंचीं अपर्णा यादव ने कहा कि भगवान राम और भगवान कृष्ण हमारी आस्था के विषय हैं, इन्हें चुनावी मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और नेताओं से अपील की कि धार्मिक देवी-देवताओं को चुनावी राजनीति से दूर रखा जाए। उनके इस बयान को उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले चल रही धार्मिक और राजनीतिक बहस के बीच अहम माना जा रहा है।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपर्णा यादव ने कहा कि सनातन धर्म के लिए भगवान श्रीराम के मंदिर का निर्माण आवश्यक था। वहीं, भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर पहले से बना हुआ है और सरकार ने काफी पहले ही उसे बेहतर बनाने का निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि भगवान राम और कृष्ण हमारे आराध्य हैं और हमेशा रहेंगे। यह आस्था का विषय है, न कि चुनाव का मुद्दा।

चुनावी नारों और पोस्टरों पर भी रखी बात

बीजेपी के चुनावी नारों और पोस्टरों को लेकर पूछे गए सवाल पर अपर्णा यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान आम जनता में उत्साह पैदा करने के लिए नारों का इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने धार्मिक विषयों को चुनावी मुद्दा बनाने से बचने की अपील भी दोहराई।

अखिलेश यादव को मथुरा जाने का न्योता स्वीकार करने की सलाह

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की ओर से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को मथुरा आने के निमंत्रण पर भी अपर्णा यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने केशव प्रसाद मौर्य की पहल को सकारात्मक बताया। अपर्णा ने कहा कि सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने और धर्म के विस्तार के लिए इस तरह के निमंत्रण दिए जाते हैं। जिन्हें भी आमंत्रित किया गया है, उन्हें खुशी-खुशी निमंत्रण स्वीकार करना चाहिए।

नाबालिग छात्र की मौत पर बोलीं- दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई

गोरखपुर में पीडीए रोड शो के दौरान 13 वर्षीय छात्र आर्य वर्धन की मौत के मामले पर भी अपर्णा यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि इस मामले में जो भी जिम्मेदार है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई में किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ाव को आधार नहीं बनाया जाना चाहिए।

अपर्णा यादव ने कहा कि जब भी किसी राजनीतिक दल की रैली या कार्यक्रम के दौरान इस तरह की घटनाएं होती हैं, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। महिला आयोग की ओर से भी वह सुनिश्चित करेंगी कि इस मामले में दोषियों को सजा मिले।

महिला आयोग के शिकायत निवारण केंद्र को लेकर भी दी जानकारी

अपर्णा यादव ने शिकायत निवारण केंद्र के दौरे के दौरान वहां प्रवेश सीमित होने और आयोग के आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए जाने से जुड़े सवालों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रवेश कानून और संवैधानिक प्रावधानों के तहत नियंत्रित किया जाता है। फिलहाल केंद्र में निर्माण कार्य भी चल रहा है।

उन्होंने दो छोटी बच्चियों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इनमें एक की उम्र करीब डेढ़ साल और दूसरी की उम्र 11 महीने है। दोनों बच्चियों को उनके माता-पिता ने छोड़ दिया था और अब उन्हें अच्छे परिवारों में गोद दिया जा रहा है।

20 दिनों में 20 हजार लंबित मामलों के निस्तारण का किया दावा

महिला आयोग के आंकड़ों को लेकर अपर्णा यादव ने कहा कि निर्देश मिलने के बाद सभी आंकड़े सार्वजनिक किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 4 सितंबर 2024 को शपथ लेने के बाद महिला आयोग की 28 सदस्यीय टीम ने करीब 20 दिनों में 20 हजार लंबित मामलों का निस्तारण किया था। इस टीम में आयोग की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य सदस्य शामिल थे।

कानपुर में अपर्णा यादव के इन बयानों में धार्मिक आस्था, आगामी चुनाव, राजनीतिक नेताओं के बीच संवाद और महिला आयोग के कामकाज से जुड़े कई मुद्दे शामिल रहे। खास तौर पर भगवान राम-कृष्ण को चुनावी मुद्दा न बनाने की उनकी अपील और गोरखपुर हादसे में दोषियों पर कार्रवाई की मांग चर्चा में है।

Related Articles

Back to top button