Gold Scam: सोने में मिलावट का नया खेल! रेनियम पाउडर से बढ़ाया जा रहा वजन, 24 कैरेट की जांच में भी पकड़ना मुश्किल

नई दिल्ली: भारत में सोने की शुद्धता को लेकर एक नए घोटाले का खुलासा हुआ है। चीन से आयात किए जा रहे ‘रेनियम पाउडर’ का इस्तेमाल कथित तौर पर सोने में मिलावट के लिए किया जा रहा है। इस पाउडर के जरिए सोने का वजन बढ़ाया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि सामान्य जांच मशीनें और कुछ हॉलमार्किंग सेंटर भी इस मिलावट को पकड़ने में नाकाम रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ मामलों में मिलावटी सोना 24 कैरेट की शुद्धता जांच में भी पास हो गया।

चीन से आ रहा रेनियम पाउडर, भारत में फैला नेटवर्क

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चीन के शेनझेन में स्थित एक एजेंट ने दावा किया है कि उसकी कंपनी रेनियम पाउडर का निर्माण करती है और भारत के कई शहरों में इसके डीलर मौजूद हैं। इस पाउडर का इस्तेमाल सोने का वजन बढ़ाने के लिए किए जाने का दावा किया गया है।

24 कैरेट की जांच में भी पास हुआ मिलावटी सोना

रिपोर्ट में एक मामले का जिक्र करते हुए बताया गया कि एक ग्राम रेनियम पाउडर को 7.83 ग्राम 24 कैरेट सोने में मिलाया गया। इसके बाद मिश्रण का कुल वजन 8.83 ग्राम हो गया। जांच के दौरान इस मिश्रण को 24 कैरेट सोने के रूप में पहचान लिया गया।

इसके बाद ज्वेलर ने इसमें एक अन्य धातु मिलाकर 22 कैरेट का आभूषण तैयार किया। हैरानी की बात यह रही कि आभूषण को हॉलमार्किंग सेंटर में 22 कैरेट सोने के रूप में प्रमाणित भी कर दिया गया।

असली सोने की मात्रा निकली सिर्फ 81.73 फीसदी

रिपोर्ट के दावे के मुताबिक, जांच में आभूषण के भीतर वास्तविक सोने की मात्रा केवल 81.73 प्रतिशत पाई गई। यह शुद्धता लगभग 20 कैरेट सोने के बराबर है, जबकि उसे 22 कैरेट के रूप में प्रमाणित किया गया था।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि मिलावट वाला आभूषण कई ज्वेलरी शोरूम और परीक्षण केंद्रों में जांच के दौरान पास हो गया। इस खुलासे ने सोने की शुद्धता जांचने वाली मौजूदा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हॉलमार्किंग व्यवस्था पर भी उठे सवाल

इस मामले के सामने आने के बाद हॉलमार्किंग व्यवस्था की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सीएजी की ड्राफ्ट रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में 81 प्रतिशत पंजीकृत ज्वैलर्स का निरीक्षण नहीं किया गया।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की जटिल मिलावट की पहचान के लिए पारंपरिक जांच के साथ आधुनिक तकनीकों की भी जरूरत है। इनमें एक्स-रे फ्लोरेसेंस (XRF) जांच और इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी जैसी तकनीकें शामिल हैं।

सोना खरीदते समय ग्राहक इन बातों का रखें ध्यान

सोने में मिलावट की आशंका को देखते हुए ग्राहकों को खरीदारी के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, ग्राहकों को विश्वसनीय ज्वेलर्स से ही हॉलमार्क वाला सोना खरीदना चाहिए। इसके साथ ही खरीदारी का बिल और जीएसटी इनवॉइस भी सुरक्षित रखना जरूरी है।

इस पूरे मामले ने सोने की शुद्धता जांचने और हॉलमार्किंग प्रक्रिया की विश्वसनीयता को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Related Articles

Back to top button