
लखनऊ: नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ उत्तर प्रदेश STF ने बड़ी कार्रवाई की है। यूपी STF, FSDA और हिमाचल प्रदेश की संयुक्त टीम ने नकली दवाएं बनाने और उनकी सप्लाई करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सहारनपुर निवासी मो. हसीन और झारखंड निवासी मोनू के रूप में हुई है।
संयुक्त टीम ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ स्थित गिरोह के ठिकाने पर छापेमारी की। इस दौरान नकली दवाएं तैयार करने वाली मशीनें और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इसी ठिकाने से नकली दवाओं का निर्माण और सप्लाई की जा रही थी।
दरअसल, वाराणसी में पहले भारी मात्रा में संदिग्ध नकली दवाएं बरामद हुई थीं। इसी मामले की जांच के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में अहम जानकारियां सामने आईं। गिरोह का सरगना अभिषेक सिंह भी पहले ही गिरफ्तार हो चुका है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने करीब डेढ़ साल से नकली दवाओं की सप्लाई किए जाने का खुलासा किया है। दोनों आरोपियों को सोलन कोर्ट में पेश किया गया है।
फिलहाल STF की टीमें गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हैं। एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि नकली दवाओं का निर्माण कहां-कहां किया जा रहा था और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।









