अयोध्या में आकाश आनंद की बड़ी जनसभा, प्रत्याशी के रूप में इनके पर लगा सकते हैं मुहर

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद 20 नवंबर को अयोध्या में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। सोहावल क्षेत्र के पंडितपुर में आयोजित इस जनसभा को बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में बसपा के चुनावी शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।

जनसभा के जरिए चुनावी बिगुल फूंकेंगे आकाश आनंद

आकाश आनंद लगातार प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रैलियां और जनसभाएं कर रहे हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए माहौल तैयार करने के साथ संभावित प्रत्याशियों के नाम भी सामने ला रही है। अयोध्या की जनसभा में भी चुनावी रणनीति और प्रत्याशियों को लेकर अहम संकेत मिलने की संभावना है।

एयरपोर्ट पर होगा आकाश आनंद का स्वागत

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, आकाश आनंद सुबह 11 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल और पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू उनका स्वागत करेंगे। जनसभा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है।

बीकापुर से जितेंद्र बबलू की उम्मीदवारी के संकेत

जनसभा से पहले बसपा नेताओं ने प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने का दावा किया है। इस बीच बीकापुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू को बसपा का उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, उनकी उम्मीदवारी को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

भाजपा पर बरसे बसपा प्रदेश अध्यक्ष

भाजपा के अयोध्या के बाद मथुरा को राजनीतिक मुद्दा बनाए जाने संबंधी सवाल पर विश्वनाथ पाल ने कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति करती है, जबकि बसपा जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बसपा किसी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। पार्टी जनता के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ेगी।

चार विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के ऐलान के संकेत

अयोध्या में होने वाली इस जनसभा के बाद जिले की चारों विधानसभा सीटों के लिए बसपा प्रत्याशियों के नामों की घोषणा होने के संकेत भी मिल रहे हैं। ऐसे में आकाश आनंद की यह रैली पार्टी की आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button