अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस को पश्चिम बंगाल से मिला 25 साल का बड़ा पावर सप्लाई ऑर्डर, 1,750 MW रिन्यूएबल बिजली की होगी आपूर्ति

अदाणी समूह की कंपनी अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (AESL) को पश्चिम बंगाल में नवीकरणीय ऊर्जा की आपूर्ति के लिए बड़ा ऑर्डर मिला है।

अदाणी समूह की कंपनी अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (AESL) को पश्चिम बंगाल में नवीकरणीय ऊर्जा की आपूर्ति के लिए बड़ा ऑर्डर मिला है। कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक इकाई पावरपल्स ट्रेडिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड (PTSL) को पश्चिम बंगाल स्टेट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (WBSEDCL) से 1,750 मेगावाट रिन्यूएबल एनर्जी राउंड-द-क्लॉक (RE-RTC) बिजली की आपूर्ति का लेटर ऑफ अवॉर्ड (LoA) मिला है। यह अनुबंध 25 साल के लिए होगा।

2,500 MW तक पहुंच सकती है बिजली आपूर्ति क्षमता

इस समझौते में 750 मेगावाट की अतिरिक्त ग्रीनशू (Greenshoe) सुविधा भी शामिल है। यदि WBSEDCL इस विकल्प का इस्तेमाल करता है, तो कुल अनुबंधित बिजली आपूर्ति क्षमता बढ़कर 2,500 मेगावाट हो जाएगी। कंपनी के मुताबिक, प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया और ई-रिवर्स ऑक्शन के बाद PTSL को सफल बोलीदाता घोषित किया गया।

जुलाई 2028 से शुरू होगी बिजली की आपूर्ति

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 1,750 मेगावाट बिजली की आपूर्ति 1 जुलाई 2028 से शुरू होनी है। वहीं, 750 मेगावाट की अतिरिक्त क्षमता के ग्रीनशू विकल्प का इस्तेमाल किए जाने पर इसकी आपूर्ति 1 अप्रैल 2029 से शुरू होगी।

AESL CEO ने क्या कहा?

AESL के CEO कंदर्प पटेल ने इस उपलब्धि को कंपनी के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भारत के ऊर्जा परिवर्तन में चौबीसों घंटे उपलब्ध रहने वाली नवीकरणीय बिजली की अहम भूमिका होगी। इससे अक्षय ऊर्जा की स्थिरता के साथ ट्रांसमिशन सिस्टम का बेहतर उपयोग भी संभव होगा।

उन्होंने कहा कि यह ऑर्डर कंपनी की बड़े स्तर पर ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है। साथ ही, इससे पश्चिम बंगाल की दीर्घकालिक और टिकाऊ बिजली जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

सौर और पवन ऊर्जा के साथ बैटरी स्टोरेज पर भी कंपनी का फोकस

कंपनी के अनुसार, PTSL ने ऊर्जा आपूर्ति के लिए करीब 4.6 गीगावाट सौर और पवन ऊर्जा क्षमता तथा लगभग 3.5 गीगावाट-घंटे (GWh) बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) क्षमता की व्यवस्था की है।

कंपनी अब उद्योगों, डेटा सेंटर, वाणिज्यिक संस्थानों और बिजली वितरण कंपनियों (Discoms) जैसे बड़े उपभोक्ताओं के साथ दीर्घकालिक बिजली आपूर्ति समझौतों का विस्तार कर रही है।

ट्रांसमिशन, डिस्ट्रीब्यूशन और स्मार्ट मीटरिंग में AESL की मौजूदगी

अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड बिजली ट्रांसमिशन, वितरण, स्मार्ट मीटरिंग और कूलिंग सॉल्यूशंस जैसे क्षेत्रों में काम करती है। कंपनी के मुताबिक, उसके ट्रांसमिशन नेटवर्क की कुल लंबाई 30,683 सर्किट किलोमीटर (ckm) है और ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता 1,46,585 MVA है।

खुदरा बिजली वितरण कारोबार के तहत कंपनी मुंबई महानगर क्षेत्र और मुंद्रा SEZ में करीब 1.3 करोड़ उपभोक्ताओं को सेवाएं देती है। कंपनी स्मार्ट मीटरिंग कारोबार का भी विस्तार कर रही है।

पश्चिम बंगाल से मिला यह 25 साल का अनुबंध AESL के नवीकरणीय ऊर्जा कारोबार और बड़े बिजली उपभोक्ताओं को चौबीसों घंटे बिजली उपलब्ध कराने की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button