
लखनऊ के मलिहाबाद इलाके में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुरवा गांव के पास मारुति ओमिनी वैन और होंडा सिटी कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में वैन चालक और 8 साल की बच्ची की जान चली गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद होंडा सिटी का चालक मौके से फरार हो गया।
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, वैन में सवार लोग उन्नाव के हसनगंज क्षेत्र स्थित कुईयां मदारपुर गांव लौट रहे थे। सभी रहीमाबाद के दौलतपुर गांव में खंजन लाल की बेटी शैलेंद्री की शादी में शामिल होकर वापस जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब एक बजे मलिहाबाद के पुरवा गांव के पास सामने से आ रही होंडा सिटी कार से वैन की टक्कर हो गई।
वैन चालक और 8 साल की प्रिया की मौत
हादसे में वैन चला रहे रामजी उर्फ अमित कुमार (20), पुत्र देशराज, निवासी ऊंचा द्वार, हसनगंज, उन्नाव की मौत हो गई। वहीं, 8 वर्षीय प्रिया उर्फ आकांक्षी ने भी दम तोड़ दिया। प्रिया सर्वेश की बेटी थी और रहीमाबाद के लुधई की रहने वाली थी। वह कक्षा पांच में पढ़ती थी।
बताया गया कि प्रिया पिछले तीन दिनों से अपनी मां के साथ ननिहाल कुईयां मदारपुर में रह रही थी। वहीं से वह शादी समारोह में शामिल होने पहुंची थी।
पांच लोग घायल, बच्ची की मां की हालत गंभीर
इस दुर्घटना में प्रिया की मां दयावती (30), आशिक (16), सरोज कुमारी (30), आनंद और दीपांशी (17) घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मलिहाबाद पहुंचाया गया। दयावती की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
हादसे की सूचना मिलते ही मलिहाबाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए लखनऊ भेज दिए गए हैं।
होंडा सिटी छोड़कर फरार हुआ चालक
टक्कर के बाद होंडा सिटी का चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









