स्मार्टफोन के बाद Nothing की नई तैयारी, ला रही पहला AI डिवाइस

डेस्क : टेक्नोलॉजी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाली कंपनी Nothing जल्द ही एक नए प्रोडक्ट के साथ बाजार में दस्तक देने जा रही है। कंपनी ने अपने अपकमिंग डिवाइस की लॉन्च डेट का ऐलान कर दिया है। यह डिवाइस इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि इसे Nothing का पहला AI-बेस्ड हार्डवेयर प्रोडक्ट बताया जा रहा है। कंपनी ने फिलहाल इसके नाम और फीचर्स का खुलासा नहीं किया है, लेकिन सामने आए टीजर ने टेक जगत में चर्चाएं तेज कर दी हैं।

8 दिसंबर को लॉन्च होगा Nothing का नया डिवाइस

Nothing ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर कर जानकारी दी है कि उसका नया प्रोडक्ट 8 दिसंबर को लॉन्च किया जाएगा। कंपनी ने इसके साथ एक टीजर पोस्टर भी जारी किया है, जिसमें डिवाइस के डिजाइन की हल्की झलक दिखाई गई है। पोस्टर में एक सर्कुलर मेटैलिक कंपोनेंट नजर आता है, जिसके चारों तरफ कई रिंग्स बनी हुई हैं। इसका डिजाइन ग्लॉसी और लेयर्ड फिनिश वाला दिखाई देता है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह डिवाइस किस कैटेगरी में आएगा।

बिना स्क्रीन के काम करेगा AI डिवाइस

Nothing के CEO Carl Pei पहले ही संकेत दे चुके हैं कि कंपनी दिसंबर में एक ऐसा डिवाइस पेश करने वाली है, जिसमें कोई स्क्रीन नहीं होगी। इसे स्मार्टफोन के लिए किसी सामान्य एप्लिकेशन की तरह नहीं, बल्कि एक अलग और डेडिकेटेड टूल के रूप में तैयार किया जा रहा है। Carl Pei के मुताबिक, इस प्रोडक्ट को Nothing की खास डिजाइन फिलॉसफी और पर्सनैलिटी के साथ विकसित किया गया है।

लीक में सामने आए खास फीचर्स

इससे पहले सामने आए टीजर में डिवाइस पर एक फिजिकल बटन, टेक्सचर्ड बॉडी और राउंडेड एज दिखाई दिए थे। इसके अलावा रेड और ग्रीन रंग के दो पिल-शेप LED इंडिकेटर्स भी नजर आए थे। वहीं, हालिया लीक में ‘Talk’ नाम के एक डेडिकेटेड बटन वाले कॉम्पैक्ट रेक्टैंगुलर डिवाइस की चर्चा हुई है। इसमें सर्कुलर कंट्रोल और दो रंगों की इंडिकेटर लाइट्स होने की बात कही जा रही है।

AI वॉयस रिकॉर्डिंग और लाइव ट्रांसलेशन की मिल सकती है सुविधा

लीक और शुरुआती जानकारियों के आधार पर माना जा रहा है कि Nothing का नया डिवाइस AI वॉयस रिकॉर्डिंग, लाइव ट्रांसलेशन और स्मार्ट नोट-टेकिंग जैसे फीचर्स के साथ आ सकता है। हालांकि, इन संभावित खूबियों को लेकर कंपनी ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऐसे में डिवाइस की वास्तविक क्षमताओं के बारे में लॉन्च के दिन ही पूरी जानकारी सामने आएगी।

स्मार्टफोन और ईयरफोन से आगे बढ़ेगी Nothing की रेंज

लंदन स्थित Nothing फिलहाल स्मार्टफोन और ईयरफोन के लिए जानी जाती है। कंपनी का CMF सब-ब्रांड भी है, जिसके तहत किफायती स्मार्टफोन, स्मार्टवॉच, ईयरबड्स और स्पीकर पेश किए जाते हैं। ऐसे में नया AI डिवाइस कंपनी के लिए हार्डवेयर की एक नई कैटेगरी में कदम रखने का मौका हो सकता है।

अब सभी की नजरें 8 दिसंबर पर टिकी हैं। देखना होगा कि Nothing अपने पहले AI डिवाइस में कौन-कौन से फीचर्स पेश करती है और यह नई कैटेगरी टेक बाजार में कितनी अलग पहचान बना पाती है।

Related Articles

Back to top button