यूपी में ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर! सियासी रैली से पहले पुलिस के सम्मान पर उठे बड़े सवाल

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश की सियासत में असदुद्दीन ओवैसी को लेकर एक नया मामला चर्चा में है। हैदराबाद से सांसद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को सहारनपुर में गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने की खबर सामने आई है। ओवैसी को पुलिस की ओर से सलामी दिए जाने के बाद अब इस सम्मान और इसके पीछे के प्रोटोकॉल को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

दरअसल, आज सहारनपुर में असदुद्दीन ओवैसी की सियासी रैली प्रस्तावित है। रैली से पहले सहारनपुर पुलिस की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने का दावा सामने आया। बताया जा रहा है कि ओवैसी को कैबिनेट मंत्री के स्तर जैसा औपचारिक सम्मान दिया गया। इस दौरान ओवैसी मुस्कुराते हुए नजर आए और उन्होंने पुलिस की ओर से दिए गए सम्मान को स्वीकार किया।

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी को उत्तर प्रदेश में किस प्रोटोकॉल के तहत गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया? क्या इसके लिए कोई आधिकारिक निर्देश जारी किया गया था या फिर पुलिस की ओर से किसी तरह की चूक हुई?

मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि गार्ड ऑफ ऑनर एक जज के आगमन के लिए तैयार किया गया था और कथित गलतफहमी के चलते ओवैसी को सलामी दे दी गई। ऐसे में अब इस पूरे मामले में पुलिस की भूमिका और वास्तविक परिस्थितियों को लेकर चर्चा हो रही है।

फिलहाल, सहारनपुर में ओवैसी की रैली और उससे पहले गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने का मामला राजनीतिक चर्चा का केंद्र बना हुआ है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सांसद ओवैसी को किस आधार पर यह सम्मान दिया गया और इसके पीछे की वास्तविक वजह क्या है?

Related Articles

Back to top button