दिल्ली में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, फुटओवर ब्रिज पर लगाए ‘BJP का बेटा Meta’ के पोस्टर

दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सोशल मीडिया कंपनी मेटा की नीतियों के खिलाफ यूथ कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। ITO इलाके में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने फुटओवर ब्रिज पर ‘BJP का बेटा Meta’ लिखे पोस्टर लगाए। प्रदर्शन के जरिए मेटा पर राजनीतिक पक्षपात और सोशल मीडिया पर विपक्षी आवाजों को दबाने के आरोप लगाए गए।

दरअसल, यूथ कांग्रेस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के अकाउंट प्रतिबंधित किए जाने को लेकर नाराज है। संगठन का आरोप है कि मेटा की ओर से विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स की पोस्ट और अकाउंट पर मनमाने तरीके से कार्रवाई की जा रही है।

यूथ कांग्रेस ने इस कार्रवाई को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा मुद्दा बताते हुए मेटा से जवाब मांगा है। संगठन ने मांग की है कि पिछले छह महीनों में सरकारी आदेशों के आधार पर प्रतिबंधित किए गए भारतीय अकाउंट्स की जानकारी सार्वजनिक की जाए। साथ ही राहुल गांधी का जिक्र करने वाली और बीजेपी सरकार की आलोचना करने वाली पोस्ट पर कथित रोक लगाने की वजह भी बताई जाए।

मेटा को 7 दिन का अल्टीमेटम

यूथ कांग्रेस ने मेटा को सात दिनों का अल्टीमेटम देते हुए अपनी मांगों पर जवाब देने को कहा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इससे पहले भी हैदराबाद, गुरुग्राम और मुंबई में मेटा के कार्यालयों के बाहर यूथ कांग्रेस ने प्रदर्शन किया था। वहीं, बीजेपी ने हैदराबाद स्थित मेटा कार्यालय में प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ के आरोप लगाते हुए कांग्रेस की आलोचना की है।

फिलहाल, मेटा की नीतियों को लेकर यूथ कांग्रेस का विरोध जारी है। इस पूरे विवाद ने सोशल मीडिया पर कंटेंट मॉडरेशन, राजनीतिक पक्षपात और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर बहस तेज कर दी है।

Related Articles

Back to top button