कोटा में भीषण सड़क हादसा, खाटू श्याम के दर्शन करके लौट रही वैन ट्रक से टकराई, 9 की मौत, 8 गंभीर घायल

राजस्थान के कोटा में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरी एक क्रूजर वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। मृतकों में ज्यादातर एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।

खाटू श्याम के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के मुताबिक, क्रूजर वैन में कुल 16 लोग सवार थे। सभी महाराष्ट्र के रहने वाले थे और राजस्थान के सीकर स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद सभी महाराष्ट्र लौट रहे थे। इसी दौरान नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा के पास उनकी वैन ट्रक से टकरा गई।

सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई वैन

बताया जा रहा है कि ट्रक में खराबी आने के कारण चालक ने उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। मध्य प्रदेश निवासी ट्रक चालक मोहम्मद हारुन वाहन की जांच कर रहा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही क्रूजर वैन ने पहले उसे टक्कर मारी और फिर ट्रक में जा घुसी। हादसे में वैन सवार 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक समेत 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों और घायलों में छोटे बच्चे भी शामिल हैं।

एसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे

हादसे की सूचना मिलते ही एसपी तेजस्विनी गौतम समेत पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

एक ही परिवार के थे सभी लोग

एडिशनल डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर राजेश जोशी के मुताबिक, आधी रात के समय 16 लोगों को लेकर जा रही गाड़ी शंभूपुरा के पास ट्रक से टकरा गई। हादसे में 9 लोगों की जान चली गई। सभी लोग खाटू श्याम के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे थे और एक ही परिवार के सदस्य थे।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वालों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button