‘नीतीश कुमार और JDU के साथ भी ऐसा ही करेगी BJP’, कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला का बड़ा हमला

बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार और बीजेपी के रिश्तों को लेकर कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी राजनीतिक फायदे के लिए लोगों का इस्तेमाल करती है और बाद में उन्हें किनारे कर देती है। सुरजेवाला ने कहा कि बीजेपी नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के साथ भी ऐसा ही करने वाली है।

रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान रणदीप सुरजेवाला ने कहा, “बीजेपी लोगों का इस्तेमाल करती है और फिर उन्हें इस्तेमाल किए हुए रूमाल की तरह वॉशिंग मशीन में डालकर फेंक देती है। नीतीश कुमार और उनकी पार्टी के साथ भी बीजेपी ऐसा ही करने वाली है।”

उन्होंने कहा कि सभी के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए और सभी को बराबर का दर्जा मिलना चाहिए। नेताओं का इस्तेमाल करके उन्हें इतिहास के कूड़ेदान में नहीं फेंक देना चाहिए। सुरजेवाला ने नीतीश कुमार की पार्टी के नेताओं और बिहार की जनता से इस बारे में सोचने की अपील की।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टेड पुल ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया था। सुरजेवाला का यह बयान इसी उद्घाटन के बाद आया है।

तेजस्वी यादव ने भी केंद्र सरकार पर उठाए सवाल

वहीं, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी शनिवार को ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट में केंद्र सरकार ने एक भी पैसा नहीं दिया, इसके बावजूद पहले से उद्घाटित पुल का दोबारा उद्घाटन किया जा रहा है। तेजस्वी यादव ने दावा किया कि गंगा नदी पर बने छह लेन के इस पुल का उद्घाटन नीतीश कुमार पिछले चुनावों से पहले ही कर चुके हैं।

मीडिया से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि करीब डेढ़ साल पहले चुनाव से ठीक पहले नीतीश कुमार ने इस पुल का उद्घाटन किया था। अब प्रधानमंत्री इसका दोबारा उद्घाटन कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि बीजेपी, एनडीए या केंद्र सरकार ने पुल के निर्माण में एक भी पैसा दिया है तो इसकी जानकारी दी जाए।

तेजस्वी यादव ने कहा कि पुल बनाने का फैसला लेने से लेकर इसके निर्माण तक में प्रधानमंत्री मोदी, बीजेपी और एनडीए सरकार की कोई भूमिका या योगदान नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इस बात को अच्छी तरह जानती है।

Related Articles

Back to top button