
डेस्क : भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मुकाबले में भारतीय टीम की फील्डिंग एक बार फिर चर्चा में आ गई है। क्राइस्टचर्च में मुकाबले के दूसरे दिन भारतीय खिलाड़ियों ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज मैट हेनरी को तीन बार आउट करने का मौका गंवा दिया। खास बात यह रही कि इनमें से दो आसान कैच देवदत्त पडिक्कल ने छोड़े। लगातार मिल रहे इन जीवनदानों ने भारतीय गेंदबाजों की मेहनत पर पानी फेरने का काम किया।
बता दे कि मुकाबले की पहली पारी में न्यूजीलैंड ने 356 रन बनाए। दूसरे दिन भारतीय टीम के सामने मेजबान टीम के शेष पांच विकेट हासिल करने की चुनौती थी। भारत ने पांच विकेट तो अपने नाम किए, लेकिन खराब फील्डिंग के कारण न्यूजीलैंड को अतिरिक्त रन बनाने का मौका मिल गया।
इस दौरान तेज गेंदबाज आकाशदीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए नाथन स्मिथ और काइल जेमिसन को पवेलियन भेजा। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे मैट हेनरी को भी उन्होंने अपनी गेंद पर फंसा लिया था, लेकिन गली में खड़े देवदत्त पडिक्कल कैच नहीं पकड़ सके।
हेनरी को मिला यह पहला जीवनदान था। वही इसके बाद आकाशदीप के अगले ओवर में एक बार फिर वही नजारा देखने को मिला। गेंदबाजी आकाशदीप कर रहे थे और गली में मौजूद पडिक्कल के पास दोबारा कैच पकड़ने का मौका आया, लेकिन इस बार भी भारतीय फील्डर चूक गए। मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। कुछ समय बाद मिड ऑन पर गुरनूर बराड़ ने भी हेनरी का आसान कैच छोड़ दिया। इस तरह न्यूजीलैंड के बल्लेबाज को एक ही पारी में तीन बार जीवनदान मिला।
हालांकि, आकाशदीप ने हार नहीं मानी और आखिरकार मैट हेनरी का विकेट हासिल कर अपना पांच विकेट हॉल पूरा किया। इसी उपलब्धि के साथ वह न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट की एक पारी में पांच विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की सूची में शामिल हो गए। शानदार गेंदबाजी के बावजूद भारतीय टीम की खराब फील्डिंग ने मुकाबले में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।









