
झारखंड: रांची-पटना हाईवे पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रामगढ़ जिले में नेशनल हाईवे-33 पर स्कॉर्पियो और अज्ञात वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में चार बच्चों समेत 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे। सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार सभी लोग रामगढ़ स्थित प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान रामगढ़ के पैंकी के पास NH-33 पर एक अज्ञात वाहन ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो में सवार 13 लोगों की जान चली गई। मृतकों में चार बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है। सभी मृतक बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। फिलहाल हादसे में शामिल अज्ञात वाहन और दुर्घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।









